IndiaUttar Pradesh

​हमीरपुर में रोडवेज बस पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बदमाशों ने 20 KM तक किया पीछा; 40 यात्री थे सवार

Hamirpur News:हमीरपुर में दिनदहाड़े रोडवेज बस पर फायरिंग का मामला सामने आया है. यहां बाइक सवार बदमाशों ने एक रोडवेज बस का करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया और रास्ते में उस पर कई राउंड गोलियां चलाईं. अचानक हुई फायरिंग से बस में सवार करीब 40 यात्रियों में दहशत फैल गई. अपनी जान बचाने के लिए यात्री सीट छोड़कर बस के फर्श पर लेट गए. इस दौरान बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस नहीं रोकी और उसे सुरक्षित पुलिस थाने तक पहुंचाया. गनीमत रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है.

​हमीरपुर में रोडवेज बस पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बदमाशों ने 20 KM तक किया पीछा; 40 यात्री थे सवार

बस में शराब के नशे में सवार लोगों का हुआ था विवाद

मामला राठ कोतवाली क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक, राठ डिपो से लखनऊ जाने वाली रोडवेज बस में कुछ लोग शराब के नशे में सवार हुए थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका दूसरे यात्रियों से विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद मारपीट तक पहुंच गया. इसके बाद झगड़ा करने वाले लोग बस से उतर गए. आरोप है कि बस डिपो से बाहर निकली तो बाइक सवार तीन युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया.

20 किलोमीटर तक पीछा कर बस पर बरसाईं गोलियां

आरोप है कि बाइक सवार बदमाशों ने पहले सुनसान रास्ते पर बस पर पीछे से पत्थर फेंके. जब चालक ने बस नहीं रोकी तो उन्होंने तमंचा निकालकर फायरिंग शुरू कर दी. बदमाश करीब 20 किलोमीटर तक बस का पीछा करते रहे और इस दौरान कई राउंड गोलियां चलाईं. अचानक हुई फायरिंग से बस में बैठे यात्रियों में चीखपुकार मच गई. चालक ने हिम्मत दिखाते हुए बस की रफ्तार बढ़ा दी और यात्रियों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की.

यात्रियों ने फर्श पर लेटकर बचाई जान

बस में मौजूद महिला यात्री नेहा ने बताया कि अचानक गोलियां चलने से सभी लोग घबरा गए थे. अपनी जान बचाने के लिए यात्री सीटों से नीचे उतरकर फर्श पर लेट गए. वहीं बुजुर्ग महिला यात्री कांति देवी ने बताया कि फायरिंग शुरू होते ही वह भी नीचे लेट गई थीं. उन्होंने कहा कि आज उनकी जान बालबाल बची है.

पुलिस थाने के सामने रोकी बस

लगातार पीछा किए जाने और फायरिंग के बीच चालक ने आखिरकार बस को सीधे पुलिस थाने के सामने पहुंचाकर रोका. इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है. सीओ सरीला शाहरुख खान के मुताबिक, राठ डिपो की बस पर फायरिंग की सूचना मिली है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना में किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply