IndiaTrending

‘जो करना है कर लो, मैं नहीं डरूंगी’, काट डालने की धमकियों के बीच आस्था सिंह का जवाब

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में ‘मैं ठाकुर हूं’ बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में आईं आस्था सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला छेड़छाड़ की शिकायत और उसके बाद मिल रही धमकियों का है।

‘जो करना है कर लो, मैं नहीं डरूंगी’, काट डालने की धमकियों के बीच आस्था सिंह का जवाब
‘जो करना है कर लो, मैं नहीं डरूंगी’, काट डालने की धमकियों के बीच आस्था सिंह का जवाब

आस्था सिंह का दावा है कि उनके साथ हुई छेड़छाड़ की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद उन्हें लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर धमकी भरे संदेश मिल रहे हैं। हालांकि उन्होंने साफ कहा है कि वह किसी भी दबाव या धमकी से डरने वाली नहीं हैं और अपनी लड़ाई जारी रखेंगी।

आस्था सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार डायरेक्ट मैसेज भेजे जा रहे हैं। उनके मुताबिक कुछ लोग वीडियो हटाने का दबाव बना रहे हैं और ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “मुझे जो करना था, मैंने कर लिया। अब जिसे जो करना है कर ले, मैं किसी से डरने वाली नहीं हूं।”

ऑफिस से लौटते समय छेड़छाड़ का आरोप
आस्था सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले जब वह अपने कार्यालय से ईरिक्शा से घर लौट रही थीं, तभी कानपुर के बेकनगंज क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति ने उनके साथ छेड़छाड़ की कोशिश की। घटना के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पूरी बात सार्वजनिक की थी। उनका आरोप है कि आरोपी दूसरे समुदाय से संबंधित है।

वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और कानपुर पुलिस ने उनसे संपर्क किया। इसके बाद आस्था सिंह ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर बेकनगंज थाने में छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

‘अब आरोपी का चेहरा भी सामने आना चाहिए’
आस्था सिंह ने कहा कि शुरुआत में उनके पास पर्याप्त सबूत नहीं थे, इसलिए उन्होंने सीधे पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात इसलिए रखी ताकि ऐसी घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाई जा सके।

उनका कहना है कि अब जब पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तो आरोपी की पहचान भी सार्वजनिक होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई और व्यक्ति ऐसी हरकत करने की हिम्मत न जुटा सके।

महिला सुरक्षा पर क्या बोलीं आस्था?
महिला सुरक्षा के सवाल पर आस्था सिंह ने कहा कि उन्हें व्यवस्था की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन उनके मामले में सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और कार्रवाई शुरू की। उनके अनुसार इससे यह संकेत मिलता है कि शिकायतों पर काम हो रहा है।

उन्होंने कहा कि किसी भी महिला के साथ छेड़छाड़ होती है तो उसे तुरंत विरोध करना चाहिए और पुलिस की मदद लेनी चाहिए। उनका विश्वास है कि पुलिस हर पीड़िता की सहायता करने का प्रयास करती है।

‘धमकी देने वालों से नहीं डरूंगी’
धमकियों को लेकर आस्था सिंह ने कहा कि उन्हें लगातार ऐसे संदेश मिल रहे हैं जिनमें वीडियो हटाने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग उन्हें डराने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें स्पष्ट संदेश है कि वह पीछे हटने वाली नहीं हैं।

उनका कहना है कि यदि कोई व्यक्ति गलत हरकत करता है तो उसके खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है और इसी सोच के साथ उन्होंने अपना अनुभव सार्वजनिक किया।

लड़कियों को दिया यह संदेश
आस्था सिंह ने कहा कि किसी भी लड़की के साथ छेड़छाड़ की घटना होती है तो उसे तुरंत विरोध करना चाहिए और उपलब्ध साक्ष्यों को सुरक्षित रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज अधिकांश सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिससे सच्चाई सामने आने और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलती है। उन्होंने युवतियों से अपील की कि डरने के बजाय कानूनी रास्ता अपनाएं और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply