Satya Report: दुनिया एक ऐसे आर्थिक तूफान की दहलीज पर खड़ी है, जिसकी आहट अभी बहुत कम लोगों को सुनाई दे रही है. अमेरिकी डॉलर अब कागज के नोट से निकलकर डिजिटल रूप में स्टेबल कॉइन बनकर दुनिया की वित्तीय नसों में उतरने की तैयारी कर चुका है. अगर यह रफ्तार पकड़ता है, तो बैंकिंग सिस्टम, करेंसी मार्केट और देशों की आर्थिक ताकत हिल सकती है. भारत पर भी इसका असर पड़ना तय माना जा रहा है.

रात के अंधेरे में कोई आवाज नहीं आती. लेकिन कई बार सबसे बड़े तूफान बिना शोर के आते हैं. दुनिया की अर्थव्यवस्था में ऐसा ही एक तूफान चुपचाप तैयार हो रहा है. नाम है डिजिटल डॉलर.
आज आप डॉलर को नोट, बैंक बैलेंस या विदेशी व्यापार की करेंसी के रूप में जानते हैं. लेकिन कल यही डॉलर मोबाइल स्क्रीन पर स्टेबल कॉइन बनकर आपके सामने हो सकता है. और अगर ऐसा हुआ, तो दुनिया की बैंकिंग व्यवस्था की जड़ें हिल सकती हैं.
स्टेबल कॉइन क्या है?
स्टेबल कॉइन एक ऐसा डिजिटल टोकन होता है जिसकी कीमत किसी स्थिर संपत्ति से जुड़ी होती है. ज्यादातर मामलों में यह अमेरिकी डॉलर से जुड़ा होता है. यानी 1 स्टेबल कॉइन = 1 डॉलर.
इसका मतलब यह है कि अगर आपके पास 100 स्टेबल कॉइन हैं, तो उसकी वैल्यू लगभग 100 डॉलर के बराबर रहेगी. इसमें क्रिप्टो जैसी भारी उठापटक कम होती है.
क्यों डर रही है दुनिया?
सदियों से देशों की ताकत उनकी करेंसी से तय होती रही है. जिसके पास मजबूत मुद्रा, वही आर्थिक ताकतवर. लेकिन अब सवाल उठ रहा है कि अगर लोग अपने देश की मुद्रा छोड़कर सीधे डिजिटल डॉलर रखने लगें तो क्या होगा?
अगर कोई व्यक्ति विदेश में पैसा भेजना चाहता है, तो बैंक ट्रांसफर की जगह स्टेबल कॉइन से ट्रांसफर कर सकता है.
जहां बैंक ट्रांसफर में:
ज्यादा फीस लगती है
समय लगता है
छुट्टी के दिन दिक्कत होती है
वहीं स्टेबल कॉइन ट्रांसफर में
फीस 0.1 फीसदी से 1 फीसदी तक हो सकती है
10 मिनट के आसपास ट्रांसफर संभव
24 घंटे, सातों दिन उपलब्ध
इसको समझने के लिए कल्पना कीजिए…
किसी देश में महंगाई बढ़ी. लोकल करेंसी कमजोर हुई. लोग बैंक में पैसा रखने के बजाय मोबाइल ऐप में डॉलर आधारित स्टेबल कॉइन रखने लगे. कुछ ही दिनों में बैंकिंग सिस्टम से जमा पैसा निकलना शुरू हो सकता है. यही डर दुनिया के कई देशों को सता रहा है.
बैंकों की कमाई पर सबसे बड़ा हमला
आज बैंक सिर्फ बचत खाते से नहीं कमाते. उनकी बड़ी कमाई आती है
विदेशी पैसा भेजने की फीस
करेंसी बदलने का चार्ज
कार्ड स्वाइप फीस
अंतरराष्ट्रीय ट्रांसफर कमीशन
कॉरपोरेट पेमेंट सर्विस
करेंसी मार्केट में मच सकता है भूचाल
दुनिया की कई करेंसी पहले ही दबाव में हैं. अगर डिजिटल डॉलर आम हो गया, तो लोग कमजोर करेंसी से पैसा निकालकर डॉलर आधारित डिजिटल एसेट में जा सकते हैं.
इसका असर क्या होगा?
लोकल करेंसी तेजी से कमजोर हो सकती है
पैसा बाहर जा सकता है
विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ सकता है
सेंट्रल बैंक को ब्याज दरें बढ़ानी पड़ सकती हैं
बाजार में घबराहट फैल सकती है.
यानी डिजिटल डॉलर सिर्फ टेक्नोलॉजी नहीं, कई देशों की मौद्रिक संप्रभुता के लिए चुनौती बन सकता है.
भारत क्यों सावधान रहे?
भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत है, लेकिन खतरा यहां भी है. भारत दुनिया का सबसे बड़ा रेमिटेंस बाजार है. करोड़ों भारतीय विदेश से पैसा भेजते हैं. अभी यह पैसा बैंक, एक्सचेंज हाउस या ट्रांसफर कंपनियों से आता है. अगर वही पैसा सीधे डिजिटल डॉलर में आने लगे तो
बैंक ट्रांसफर मॉडल कमजोर पड़ सकता है
फॉरेक्स फीस कम हो सकती है
रुपया आधारित सिस्टम पर दबाव बढ़ सकता है
रेगुलेशन चुनौती बन सकता है
सोचिए, अगर किसी को डॉलर मोबाइल पर तुरंत मिल जाए, तो वह लंबी बैंक प्रक्रिया क्यों चुनेगा?
सबसे ज्यादा खतरा किसे?
इस बदलाव का सबसे बड़ा असर इन सेक्टरों पर पड़ सकता है
बैंकिंग सेक्टर
कार्ड नेटवर्क कंपनियां
रेमिटेंस कंपनियां
विदेशी मुद्रा शुल्क कमाने वाली संस्थाएं
क्रॉस बॉर्डर पेमेंट कंपनियां
आज बैंक विदेशी भुगतान, कार्ड स्वाइप फीस, करेंसी कन्वर्जन और ट्रांसफर चार्ज से अच्छी कमाई करते हैं. अगर ग्राहक सस्ते डिजिटल विकल्प पर जाते हैं, तो यह कमाई दबाव में आ सकती है.
अचानक अमेरिका ने ऐसा अब क्या किया
सबसे दिलचस्प बात यह है कि अमेरिका ने नियम बदल दिए है. इसके लिए नियम और टेक्नोलॉजी को बेहतर किया जा रहा है. गोल्डमैन सैक्स की रिपोर्ट कहती है कि अगर अमेरिका स्टेबल कॉइन को रेगुलेटेड ढांचे में अनुमति देता है, तो दुनिया के बाकी देश भी उसी मॉडल को अपनाने लगते हैं.
जैसे डॉलर दुनिया की रिजर्व करेंसी है, वैसे ही डिजिटल डॉलर आधारित स्टेबल कॉइन भविष्य में ग्लोबल पेमेंट सिस्टम बन सकते हैं.



