IndiaUttar Pradesh

​पहले रेकी, फिर बिजली कटने का इंतजार… नोएडा में रात के अंधेरे में सक्रिय था मोबाइल चोर गैंग; 4 अरेस्ट

Noida News: उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर63 थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए चारों आरोपी आपस में दोस्त हैं और सभी 8वीं पास हैं. आरोपी चोटपुर कॉलोनी में रहते थे और रात के समय इलाके में रहने वाले लोगों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल और 2 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं.

​पहले रेकी, फिर बिजली कटने का इंतजार… नोएडा में रात के अंधेरे में सक्रिय था मोबाइल चोर गैंग; 4 अरेस्ट

नोएडा सेंट्रल जोन के एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिक्कू राजकुमार, राजा भास्कर, रिषभ और श्याम साहू के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी करने से पहले इलाके की रेकी करते थे. उन्हें इस बात की जानकारी रहती थी कि किस जगह रात के समय अंधेरा रहता है और किन घरों के लोग गर्मी या बिजली की समस्या के कारण बाहर सोते हैं.

वारदात से पहले करते थे रेकी

पुलिस के अनुसार, चोटपुर कॉलोनी में बिजली विभाग की ओर से अवैध कनेक्शन के खिलाफ कार्रवाई के बाद कई इलाकों में अंधेरा रहता था. गर्मी और बिजली की समस्या के चलते लोग अक्सर घरों के बाहर सो जाते थे. आरोपियों ने कथित तौर पर इसी स्थिति का फायदा उठाया. रात में जब लोग बाहर सो रहे होते थे, तब आरोपी चुपचाप घर के अंदर दाखिल होते और कमरों में रखे मोबाइल फोन समेत अन्य सामान लेकर फरार हो जाते थे.

पुलिस का कहना है कि आरोपी वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी तरह इलाके की निगरानी करते थे. अंधेरे वाले स्थान और ऐसे घर जहां लोगों के बाहर सोने की संभावना होती थी, उन्हें निशाना बनाया जाता था. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए चारों को गिरफ्तार कर लिया गया.

आरोपियों के पास से 24 मोबाइल फोन बरामद

थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब बरामद किए गए 24 मोबाइल फोन के असली मालिकों की पहचान करने में जुटी है. इसके साथ ही आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है.

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने अब तक कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है और उनके खिलाफ अन्य थानों में कितने मुकदमे दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बरामद मोबाइलों के आधार पर अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply