
बेंगलुरू में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक लड़की और एक लड़के ने गुपचुप तरीके से शादी की. इसके बाद लड़की को पता चला कि लड़का पहले से शादीशुदा है और यहीं से शुरू हुआ हैवानियत का खेल…
Bengaluru Murder Case: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने 22 साल की लड़की की हत्या कर दी. पुलिस ने हत्या के आरोपी उसके प्रेमी चंद्रशेखर को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया है कि चंद्रशेखर ने 22 वर्षीय भवानी से लगभग 1 साल पहले छुपकर शादी कर ली थी. हाल ही में इस बात का खुलासा भवानी की इंस्टाग्राम स्टोरी से हुआ.
इंस्टाग्राम स्टोरी से खुला राज
पुलिस जांच में पता चला है कि भवानी बेंगलुरु के तुलसी नगर में रहती थी और एक मोबाइल फोन की दुकान में बिलिंग एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थी. वहीं, चंद्रशेखर ऑटो-रिक्शा चलाता है. शनिवार सुबह भवानी की मौसी ने उसकी मां को फोन कर बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर एक युवक के साथ फोटो पोस्ट की है. इसके बाद भवानी के पिता ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया. चिंतित परिवार ने मकान मालिक को फोन किया और उनसे घर जाकर देखने को कहा.
भवानी की मौत
मकान मालिक ने वहां पहुंचकर कई बार दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो भवानी मृत मिली, जबकि चंद्रशेखर बेहोश हालत में था. उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने बताया कि घर के अंदर किसी जहरीले पदार्थ की बदबू आ रही थी.
जांच में क्या सामने आया?
जांच में सामने आया कि भवानी और चंद्रशेखर ने एक साल पहले गुपचुप शादी कर ली थी और साथ रह रहे थे. हालांकि हाल ही में भवानी को पता चला कि चंद्रशेखर पहले से शादीशुदा है और उसका छह साल का एक बच्चा भी है. यह सच जानने के बाद वह काफी परेशान हो गई और उसने अपने परिवार को पूरी बात बता दी. परिजनों ने उसके लिए दूसरा रिश्ता तय कर दिया था और अगले हफ्ते उसकी सगाई होने वाली थी. इसी बीच शनिवार को चंद्रशेखर उससे मिलने उसके घर पहुंचा. दोनों के बीच सगाई को लेकर विवाद हुआ.
जहर से नहीं मरी, तो दबा दिया गला
पुलिस के अनुसार, चंद्रशेखर ने भवानी से कहा, ‘मैं तुम्हारे बिना नहीं रह सकता, या तो हम साथ जिएंगे या साथ मरेंगे.’ इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर जहर पी लिया. पुलिस का दावा है कि जब जहर पीने के बाद भी भवानी की मौत नहीं हुई, तो चंद्रशेखर ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.



