Satya Report: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से रूह कंपा देने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ एक 19 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया और फिर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। आरोपियों ने अपनी संलिप्तता छिपाने के लिए युवती के शव को पेड़ से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे।

विश्वास का हुआ कत्ल
सूत्रों के मुताबिक मृतका देर रात करीब 12 बजे अपने एक परिचित युवक के बुलावे पर उससे मिलने गई थी। उस युवक के साथ उसका एक अन्य साथी भी मौजूद था। आरोप है कि एकांत का फायदा उठाकर दोनों ने युवती के साथ जबरदस्ती की। जब युवती ने अपनी अस्मत बचाने के लिए शोर मचाया और विरोध किया, तो पकड़े जाने के डर से दरिंदों ने उसका गला घोंट दिया।
साक्ष्य मिटाने की नाकाम कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने इस जघन्य अपराध को सुसाइड का रूप देने की साजिश रची। उन्होंने युवती के दुपट्टे का फंदा बनाकर उसे पेड़ से टांग दिया और मौके से फरार हो गए। सुबह जब ग्रामीणों ने शव देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिसिया कार्रवाई
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगा और जल्द ही सुई परिचित युवक की ओर मुड़ गई। स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जिससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी नाबालिग हैं, हालांकि पुलिस उम्र की पुष्टि के लिए दस्तावेजों की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि दूसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



