दक्षिणपश्चिम मानसून की वापसी के बीच देश का मौसम एक बार फिर पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने देश के पूरे 22 राज्यों में भीषण बारिश और आंधीतूफान को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड का खतरा और मछुआरों के लिए चेतावनी
मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को खास तौर पर सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड होने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा, समुद्र में उठने वाले आंधीतूफान को देखते हुए मछुआरों को बिल्कुल अंदर न जाने की सख्त सलाह दी गई है।
जानिए क्या कह रहा है मौसम विभाग का पूर्वानुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, इस समय पश्चिमी विक्षोभ जम्मू के ऊपर, उत्तरी हरियाणा के आसपास और बंगाल की खाड़ी के उत्तरपश्चिम में ऊपरी हिस्से में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में एक्टिव है। मौसम विभाग ने आंधीतूफान के दौरान लोगों से पूरी सावधानी बरतने की अपील की है। तेज हवाओं के चलने पर पेड़ों के नीचे बिल्कुल न खड़े होने की सलाह दी गई है, क्योंकि टहनियां टूटकर नीचे गिर सकती हैं। इसके अलावा, भारी बारिश के दौरान विजिबिलिटी कम होने पर गाड़ियों को बेहद संभलकर चलाने को कहा गया है।
देश के 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, जिन 22 राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है और भारी बारिश के साथ 75 की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं, उनमें दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, जम्मूकश्मीर, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल, असम और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं।
राजधानी दिल्ली में कैसा रहेगा आज का मौसम?
मूसलाधार बारिश के बाद आज दिल्ली के तापमान में अच्छी खासी गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने राजधानी में भीषण बारिश का अनुमान जताया है, जिसके चलते इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि एक दिन पहले यह क्रमशः 33 और 24 डिग्री सेल्सियस था यानी एक ही दिन में तापमान में करीब 6 डिग्री की भारी गिरावट आ सकती है।
उत्तर प्रदेश में आंधी और भारी बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधीतूफान के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गाजियाबाद, बिजनौर, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, बाराबंकी, अयोध्या, वाराणसी, जौनपुर, मेरठ और मथुराआगरा जैसे इलाकों में हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, राजधानी लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
बिहार के इन जिलों में बिगड़ेगा मौसम का मिजाज
बिहार के कटिहार, खगड़िया, सुपौल, किशनगंज, सहरसा, पूर्णिया, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सारण, शेखपुरा, नालंदा, औरंगाबाद, रोहतास और गया में भीषण बारिश और आंधी का दौर देखने को मिलेगा। यहां 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बात करें राजधानी पटना की, तो आज यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
मध्य प्रदेश में तूफानी हवाओं के साथ झमाझम बारिश
मध्य प्रदेश के पन्ना, सीधी, उमरिया, सतना, इंदौर, भोपाल, देवास, अलीराजपुर, झाबुआ, श्योपुर और मुरैना में आज भारी बारिश के साथ आंधीतूफान की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। वहीं, भोपाल में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।



