BiharCrimeIndiaTrending

नवादा में खौफनाक हमला! अपनी जमीन पर खाना बना रहा था परिवार, लाठी-डंडों से टूटा कहर, 5 लोग लहूलुहान,

नवादा में खौफनाक हमला! अपनी जमीन पर खाना बना रहा था परिवार, लाठी-डंडों से टूटा कहर, 5 लोग लहूलुहान,

जिले के पकरीबरामा प्रखंड स्थित अमन बाग मोहल्ले में एक मामूली विवाद ने उस वक्त हिंसक और खौफनाक रूप ले लिया, जब अपनी ही जमीन पर भोजन बनाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि पड़ोस के कुछ युवकों ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी वारदात का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि 5 से 6 लोगों का एक समूह अचानक परिवार के सदस्यों पर टूट पड़ता है और बेरहमी से लाठी-डंडों से हमला शुरू कर देता है।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद जमशेद अपने परिवार के साथ घर के पास स्थित अपनी जमीन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने हमला बोल दिया। इस दौरान मोहम्मद जमशेद, मोहम्मद असगर इब्राहिम, हसीना खातून, रेशमा खातून और शबाना खातून बुरी तरह घायल हो गए।हमले में सबसे गंभीर चोट मोहम्मद असगर इब्राहिम को लगी है। उनके सिर पर गहरी चोट बताई जा रही है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। सभी घायलों को तत्काल नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने असगर इब्राहिम की स्थिति को बेहद गंभीर बताया है।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है। हसीना खातून ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने सोची-समझी साजिश के तहत हमला किया और महिलाओं तक को नहीं बख्शा।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसडीपीओ सुजय कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के पास पहुंच चुका है। वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी संदिग्ध हमलावरों की पहचान कर ली गई है। पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, जबकि पीड़ित परिवार प्रशासन से त्वरित न्याय और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहा है। इलाके के लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई ही भविष्य में कानून व्यवस्था के प्रति भरोसा कायम रख सकती है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply