बठिंडा : पंजाब के बठिंडाबीकानेर नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से भरे टेंपो ट्रैवलर की सड़क किनारे खड़े ट्राला से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो ट्रैवलर का अगला हिस्सा करीब 3 से 4 फीट तक पिचक गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहत टीमों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल बठिंडा स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बठिंडा के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान से 11 से 12 श्रद्धालु टेंपो ट्रैवलर में सवार होकर अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। बुधवार सुबह करीब 7 बजे जब वाहन बठिंडा के डाबा जोर गांव, जोधपुर रोमाना और गुरुसर सानेवाला के बीच पहुंचा, तभी सड़क किनारे खड़े एक ट्राला से पीछे से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो ट्रैवलर के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वाहन में फंसे यात्रियों की चीखपुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहतकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।
सहारा जन सेवा संस्था के कार्यकर्ता संदीप सिंह ने बताया कि सुबह कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
सिविल अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल अधिकारी डॉ. लवदीप सिंह ने बताया कि सहारा जन सेवा संस्था द्वारा लाए गए घायलों में तीन लोगों को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित किया गया, जबकि एक अन्य घायल की मौत एम्स ले जाते समय हो गई। सभी घायल यात्रियों का इलाज एम्स बठिंडा में चल रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे खड़े ट्राला से टकराने को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।



