TrendingUttar Pradesh

नशे का जाल कितना खतरनाक? 40 तरह के कैंसर और 25 गंभीर बीमारियों का खतरा

लखनऊ, अमृत विचार: नशे की लत को लेकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से कालीचरण पीजी कॉलेज में ‘नशामुक्त फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वक्ता केजीएमयू के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. सूर्यकांत ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति अभियान का राजदूत बनने और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

नशे से कैंसर समेत 25 गंभीर बीमारियों का खतरा

प्रो. सूर्यकांत ने कहा कि नशे की वजह से करीब 40 तरह के कैंसर और 25 तरह की अन्य गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। उन्होंने युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि स्वस्थ भारत के लिए देश के युवाओं का नशामुक्त होना बेहद जरूरी है।

उन्होंने खास तौर पर सिगरेट के नुकसान का जिक्र करते हुए कहा कि धूम्रपान करने वाला व्यक्ति सिर्फ अपने स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके आसपास रहने वाले लोग भी प्रभावित होते हैं।

तंबाकू पर प्रतिबंध को लेकर पीएम को लिख चुके नौ पत्र

प्रो. सूर्यकांत ने बताया कि तंबाकू पर प्रतिबंध की मांग को लेकर वह प्रधानमंत्री को नौ बार पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और अपने आसपास के लोगों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति चिंता का विषय

कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रबंधक इं. वीके मिश्र ने की। प्राचार्य प्रो. चंद्रमोहन उपाध्याय ने कहा कि युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय है। ऐसे में विद्यार्थियों के बीच लगातार जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम का संचालन प्रो. कल्याणी द्विवेदी ने किया। इस दौरान प्रो. मीना कुमारी, प्रो. अर्चना मिश्रा, प्रो. वीएन मिश्र, डॉ. डीसीडीआर पांडेय, डॉ. मनीषा सिंह, डॉ. अल्का द्विवेदी समेत शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply