IndiaTrending

इंसानियत मर चुकी है! आम लूटने में लगे रहे लोग, सड़क पर तड़पता रहा पति-पत्नी का जीवन; पत्नी के सामने पति ने तोड़ा दम..

इंसानियत मर चुकी है! आम लूटने में लगे रहे लोग, सड़क पर तड़पता रहा पति-पत्नी का जीवन; पत्नी के सामने पति ने तोड़ा दम..

मुजफ्फरपुर में शर्मनाक घटना सामने आई. आम लदा एक पिकअप पलट गया. उसमें बैठे पति-पत्नी बुरी तरह घायल हो गए, लेकिन भीड़ उनका बचाने और पुलिस या एंबुलेंस बुलाने के बजाए आम लूटने में जुटी रही. थैला, बैरा, टोकरी भर लोगों ने आम समेटे. संवेदनहीनता की बानगी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

मुजफ्फरपुरः बिहार के मुजफ्फरपुर से एक शर्मनाक घटना सामने आई. जहां बीच सड़क पर आम लदा पिकअप पलटने के बाद लोगों ने पूरे आम लूट लिए. हादसे में आम कारोबारी दंपती गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद लोग उनकी मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरे आम समेटने में जुटे रहे. घटना बीते शुक्रवार की है. अब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.

मामला मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के हनुमान नगर चौक स्थित NH 27 का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, मधुबनी जिले के निर्मली थाना क्षेत्र के रहने वाले आम कारोबारी अजय पासवान (40) अपनी पत्नी संतरा देवी के साथ एक पिकअप पर बंगाल से आम लादकर मुजफ्फरपुर आ रहे थे. इसी दौरान मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन पर पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया.

पति-पत्नी दुर्घटना में बुरी तरह घायल
बताया जा रहा है कि हादसे के समय पिकअप के केबिन में आम कारोबारी अजय पासवान और उनकी पत्नी बैठे थे, जो दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर जुटे लोग घायल दंपती को मदद पहुंचाने के बजाय सड़क पर बिखरे आम लूटने में लग गए. महिला हो या पुरुष, सभी आम बटोरने में इतने मग्न रहे कि किसी ने भी गंभीर रूप से घायल दंपती को अस्पताल पहुंचाने की तत्परता नहीं दिखाई. आम लूटने के बाद अधिकांश लोग घायलों को वहीं छोड़कर मौके से भागते हुए दिखाई दिए.

शख्स की इलाज के दौरान मौत
घटनास्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या कुछ आम की कीमत इंसानी जिंदगी से ज्यादा हो गई है, क्योंकि हादसे के बाद पहले घायलों को बचाने के बजाय भीड़ आम लूटने में जुटी रही. सूचना मिलने पर गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अजय पासवान और उनकी पत्नी को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया. इलाज के दौरान 40 वर्षीय आम कारोबारी अजय पासवान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है.

बंगाल से आ रहा था ट्रक
घटना को लेकर गायघाट थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार को बंगाल से आम लेकर आ रहा एक पिकअप हनुमान नगर चौक के समीप पलट गया. पिकअप में आम कारोबारी पति-पत्नी सवार थे, जो गंभीर रूप से घायल हुए. दोनों को अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान पति की मौत हो गई. थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply