
कर्नाटक के मैसूर में एक शिक्षक पर 16 वर्षीय छात्र के साथ मारपीट करने और उसकी आंख में मुक्का मारने का आरोप लगा है। छात्र के परिवार की ओर से पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, कथित हमले में छात्र की आंख में खून का थक्का जम गया। हालांकि, फिलहाल छात्र खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
पीड़ित छात्र की पहचान रेहान शरीफ के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने छात्र की आंख पर मुक्का मारने के अलावा उसे धमकी भी दी। शिकायत के अनुसार, शिक्षक ने रेहान को डराया कि अगर उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो उसका ट्रांसफर सर्टिफिकेट काटकर उसे स्कूल से हमेशा के लिए निकाल दिया जाएगा।
पिता ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
बेटे के साथ कथित मारपीट की जानकारी मिलने के बाद रेहान के पिता वसीम शरीफ ने पुलिस से शिकायत की। उन्होंने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल छात्र की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।



