
अंबाला सिटी के बलदेव नगर थाना क्षेत्र के गुरुनानक नगर में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति बंटी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बंटी अपनी 32 वर्षीय पत्नी हिना के चरित्र पर लंबे समय से शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। उस समय बंटी नशे में था।
पुलिस के अनुसार, हिना ने पति के बार-बार ताने देने और मारपीट से परेशान होकर उससे तलाक लेने की बात कही थी। आरोप है कि इससे बंटी गुस्से में आ गया और उसने रसोई से छुरी उठाकर हिना पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हिना की मौत हो गई।
भाई की शिकायत पर हत्या का केस
बलदेव नगर थाना पुलिस ने मृतका के भाई नन्नू की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। वारदात के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को सूचना मिलने के बाद टीम ने नाकाबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
चाकू बरामद करने की कोशिश
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू को बरामद करने का प्रयास कर रही है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी में है, ताकि हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



