
युवक को लिफ्ट देने के बहाने फंसाया गया।
एटीएम से 22 हजार रुपये, बाइक, मोबाइल लूटा।
पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। लिफ्ट देने की इंसानियत एक युवक को भारी पड़ गई। लिफ्ट मांगने वाली महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को सुनियोजित तरीके से जाल में फंसाया, एटीएम से 22 हजार रुपये निकलवाए और उसकी मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
मामले का खुलासा करते हुए पंचकूला पुलिस ने गिरोह के पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपित को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर फरार साथियों और लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि पंचकूला निवासी युव की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, युवक अपनी मोटरसाइकिल पर पंचकूला से अमरावती जा रहा था। रास्ते में एक महिला ने पिंजौर जाने के लिए लिफ्ट मांगी।
कुछ दूरी तय करने के बाद महिला ने आटो किराये के नाम पर 50 रुपये आनलाइन मंगवाए और बाद में पैसे लौटाने का बहाना बनाकर युवक को ईशर नगर बुला लिया। वहां पहले से मौजूद दो युवकों में से एक ने खुद को महिला का पति बताया।
तीनों ने युवक को धमकाते हुए एटीएम तक ले जाकर उसके खाते से 22 हजार रुपये निकलवा लिए। इसके बाद आरोपितों ने उसका मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल छीन ली तथा कार में बैठाकर लोहगढ़ क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर मुख्य आरोपित बलवान सिंह निवासी कैथल और उसकी पत्नी सवनीत कौर को गिरफ्तार किया गया। बलवान सिंह को न्यायालय से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि सवनीत कौर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस रिमांड के दौरान फरार दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी, लूटी गई 22 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने हरियाणा या अन्य राज्यों में इसी तरह की और वारदातों को अंजाम तो नहीं दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच में जुटी है।



