Satya Report: गर्मी के मौसम में लोग बढ़ते तापमान से राहत पाने के लिए फैन, कूलर और एसी का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। इसमें से ज्यादातर घरों में कूलर को एक किफायती और आसान विकल्प के रूप में चुना जाता है। यह सामान्य गर्मी में अच्छी ठंडक देता है और बिजली की भी खपत कम करता है। हालांकि, जब गर्मी बहुत ज्यादा बढ़ जाती है, तो कई बार कूलर भी सही तरीके से ठंडी हवा नहीं दे पाता। ऐसी स्थिति में कूलर की हवा ठंडी होने के बजाय गर्म या सामान्य लगने लगती है जिससे राहत नहीं मिल पाती और परेशानी बढ़ जाती है। ऐसे में आइए जानते हैं किस तरह कूलर से ठंडी हवा पाएं:

1 जगह का सही चुनाव
कूलर को हमेशा खिड़की या दरवाजे के पास रखना चाहिए, जहां से उसे बाहर की ताजा और ठंडी हवा आसानी से मिल सके। कूलर बाहर की हवा को खींचकर उसे ठंडा करके कमरे में फैलाता है, इसलिए उसे सही जगह पर रखना बेहद जरूरी होता है। अगर कूलर को कमरे के बीच में या पूरी तरह बंद जगह पर रख दिया जाए, तो उसे पर्याप्त ताजा हवा नहीं मिलती और वह उसी गर्म हवा को बारबार घुमाता रहता है।
2 क्रॉस वेंटिलेशन
कूलर से बेहतर ठंडक पाने के लिए कमरे में क्रॉस वेंटिलेशन होना बेहद जरूरी है। इसके लिए कमरे की एक खिड़की या दरवाजा थोड़ा खुला जरूर रखें, ताकि हवा का सही प्रवाह बना रहे। जब कमरे में हवा के आनेजाने का रास्ता खुला होता है, तो कूलर द्वारा छोड़ी गई ठंडी हवा पूरे कमरे में आसानी से फैलती है और अंदर की गर्म हवा बाहर निकल जाती है। इससे कमरे का तापमान संतुलित रहता है और कूलर की कूलिंग ज्यादा प्रभावी हो जाती है।
3 ठंडा पानी या बर्फ
कूलर की ठंडक बढ़ाने के लिए उसमें हमेशा ठंडा पानी डालना बेहतर होता है। इससे कूलिंग पैड्स जल्दी ठंडे होते हैं और हवा भी ज्यादा ठंडी निकलती है। बहुत ज्यादा गर्मी के दिनों में आप कूलर में समयसमय पर बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं। इससे कूलर से निकलने वाली हवा और ज्यादा ठंडी होती है। हालांकि, बर्फ का इस्तेमाल सीमित मात्रा में ही करना चाहिए।
4 कूलिंग पैड़ साफ रखें
कूलर की ठंडक काफी हद तक उसके कूलिंग पैड्स पर निर्भर करती है। ये पैड्स पानी को सोखकर हवा को ठंडा करने का काम करते हैं। अगर ये गंदे, जाम या बहुत पुराने हो जाएं, तो पानी सही तरीके से इनमें नहीं फैलता और हवा ठंडी होने के बजाय सामान्य या गर्म महसूस होने लगती है। समय के साथ पैड्स में धूल और मिट्टी जम जाते हैं, जिससे एयर फ्लो भी कम हो जाता है और कूलिंग पर असर पड़ता है। ऐसे में समयसमय पर उन्हें साफ करते रहें। अगर वो ज्यादा घिस चुके हैं तो उन्हें बदलना बेहतर होता है।
5 धूप से बचाएं
कूलर को हमेशा ऐसी जगह पर रखना चाहिए, जहां उस पर सीधी धूप न पड़े। तेज धूप में कूलर का पानी जल्दी गर्म हो जाता है और कूलिंग पैड्स भी ज्यादा गरम हो जाते हैं, जिसके चलते कूलर से गर्म हवा निकलने लगती है। कूलर को खिड़की के पास छांव वाली जगह या फिर उसके ऊपर शेड लगा दें।



