फैशन की दुनिया का सबसे बड़ा इवेंट मेट गाला 2026 मंगलवार को न्यूयॉर्क शहर के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में आयोजित हुआ। इसके रेड कार्पेट पर हॉलीवुड और मशहूर भारतीय हस्तियों ने अपने अलग अंदाज में जलवा बिखेरा। एक तरफ जहां करण जौहर, अनन्या बिरला ने इस बार मेट गाला में अपना डेब्यू किया, वहीं मनीष मल्होत्रा, नताशा पूनावाला, सुधा रेड्डी का लुक चर्चा का विषय बना रहा।

अनन्या बिरला ने किया डेब्यू
आदित्य बिरला ग्रुप की डायरेक्टर अनन्या बिरला ने भी मेट गाला 2026 में अपना डेब्यू किया। अनन्या ने रेड कार्पेट पर रॉबर्ट वुन द्वारा डिजाइन किया गया कस्टम मेड गाउन पहना। साथ ही चेहरे को सुबोध गुप्ता द्वारा डिजाइन किए गए मेटैलिक मास्क से छुपा लिया। अनन्या के आउटफिट में एक स्ट्रक्चर्ड ब्लैक जैकेट थी, जिसमें एक शानदार पेप्लम और एक वॉल्यूमिनस प्लीटेड स्कर्ट थी।
मनीष मल्होत्रा ने दिखाई मुंबई की झलक
भारत के मशहूर सेलिब्रिटी फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा लगातार दूसरी साल मेट गाला के रेड कार्पेट पर पहुंचे। इस साल उन्होंने उनके डिजाइन स्टूडियो को रेड कार्पेट पर प्रदर्शित किया। मनीष के आउटफिट में एक भारतीय बंदगला के साथ एक केप शामिल था, जिस पर इसे बनाने वाले कारीगरों के नाम और हस्ताक्षर कढ़ाई किए गए हैं। उनका यह डिजाइन मुंबई की एक झलक दिखाता है।
नताशा पूनावाला
नताशा पूनावाला ने एक खास और अलग अंदाज में अपना लुक पेश किया। उन्होंने ब्रिटिश कलाकार मार्क क्विन की बनाई हुई एक अनोखी कलाकृति पहनी, जिसका नाम ऑर्किड पेक्टोरल है। नताशा ने बताया कि उन्हें पहले ही मार्क क्विन के काम से प्रेरणा मिलती रही है और वह सोचती थीं कि क्या ऐसी कला को पहना जा सकता है। उन्होंने अपने लुक को डायमंड ईयररिंग्स, आउटहाउस ज्वेलरी की क्रिस्टल रिंग, नेचुरल मेकअप और हाई पफ बन हेयरस्टाइल के साथ पूरा किया।
गौरवी कुमारी और सवाई पद्मनाभ सिंह
शाही हस्तियों गौरवी कुमारी और सवाई पद्मनाभ सिंह ने जयपुर की विरासत को वैश्विक मंच पर पहुंचाया। गौरवी कुमारी ने एक ऐसा गाउन पहना जिसमें उनकी दादी, महारानी गायत्री देवी द्वारा कभी पहनी गई एक साड़ी का इस्तेमाल किया गया था।
सुधा रेड्डी
समाजसेवी सुधा रेड्डी ने एक ऐसा आउटफिट चुना, जो कलमकारी परंपराओं के ‘ट्री ऑफ लाइफ’ डिजाइन से प्रेरित था। इसमें जरी और रेशम की बारीक कढ़ाई की गई थी और यह आउटफिट भारतीय संस्कृति से जुड़े कई तत्वों को दर्शा रहा था।



