इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बीच मुंबई इंडिंयस अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। हालांकि, टीम मैनेजमेंट ने इस खराब फॉर्म के लिए सीधे तौर पर कप्तान हार्दिक पंड्या को जिम्मेदार नहीं माना है। फ्रेंचाइजी का मानना है कि टीम की असली समस्या बदलते टी20 ट्रेंड के मुताबिक सही कॉम्बिनेशन और रणनीति नहीं बना पाना है, जिसके चलते मुंबई इंडियंस लगातार दबाव में नजर आई है।

‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को पता चला है कि कप्तान के तौर पर हार्दिक पंड्या की स्थिति पर तत्काल कोई खतरा नहीं है। फ्रेंचाइजी मैनेजमेंट अब भी हार्दिक पंड्या का समर्थन कर रहा है और टीम की मुश्किलों को उनकी कप्तानी का नतीजा नहीं मानता। उसका मानना है कि मुंबई इंडियंस इस टूर्नामेंट में खेल के बदलते अंदाज के हिसाब से ढलने में थोड़ी धीमी रही है।
आईपीएल 2026 में कई टीमों ने अपने ओपनर्स की धमाकेदार शुरुआत और ऐसे गेंदबाजों पर भरोसा किया है, जो पावरप्ले के साथसाथ डेथ ओवर्स में भी असर डाल सकें। हालांकि, मुंबई इंडियंस लगातार इस पैटर्न को दोहरा नहीं पाई, जिसकी वजह से दोनों ही पारियों में उस पर दबाव बना रहा है।
मुंबई इंडियंस IPL 2024 से पहले एक बड़े कदम के तहत हार्दिक पंड्या को टीम में लाई थी। आईपीएल 2026 में हार्दिक पंड्या का अब तक का प्रदर्शन औसत रहा है। हार्दिक पंड्या ने 8 मैचों में 146 रन बनाए हैं और 4 विकेट लिए हैं। हार्दिक ने दो मैच मिस भी किये हैं। हालांकि, मुश्किलें सिर्फ कप्तान तक ही सीमित नहीं रही हैं।
कई सीनियर खिलाड़ी भी अपनी बेहतरीन फॉर्म में नहीं दिखे। इस कारण भी मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन और भी ज्यादा अनियमित हो गया है। आमतौर पर टीम के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में शामिल जसप्रीत बुमराह ने 10 मुकाबलों में सिर्फ तीन विकेट लिए हैं। सूर्यकुमार यादव ने 10 मैचों में 195 रन बनाए हैं। वह गेंदबाजों पर वैसा दबदबा नहीं बना पाए हैं जैसा आमतौर पर बनाते हैं।
रोहित शर्मा ने इस सीजन कुछ ही मैच खेले हैं। इसका असर भी टीम के टॉप ऑर्डर की स्थिरता पर पड़ा है। नतीजन मुंबई इंडियंस को अक्सर या तो बिना किसी मजबूत शुरुआत के बड़े स्कोर का पीछा करना पड़ा है, या फिर शुरुआती विकेट न मिलने की वजह से वह अपने स्कोर का बचाव करने में नाकाम रही है।
इन दिक्कतों के बावजूद मैनेजमेंट को पूरा भरोसा है कि टीम बचे हुए मुकाबलों में अपनी किस्मत बदल सकती है। टीम के अंदर यह विश्वास है कि कुछ अहम खिलाड़ियों के कुछ जबरदस्त प्रदर्शन से आईपीएल 2026 की अंक तालिका में उसकी स्थिति तेजी से बदल सकती है। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला रविवार 10 मई 2026 को रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।



