न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने क्रिकेट की दुनिया में अगली पीढ़ी के उन बल्लेबाजों के नाम बताए हैं, जो आने वाले वर्षों में टेस्ट क्रिकेट के नए ‘फैब फोर’ का हिस्सा बन सकते हैं। इस सूची में भारत के शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल के साथ न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र, इंग्लैंड के हैरी ब्रूक और ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन शामिल हैं। विलियमसन का मानना है कि इन खिलाड़ियों में भविष्य के महान टेस्ट बल्लेबाज बनने की क्षमता है।

दरअसल, ‘फैब फोर’ शब्द का इस्तेमाल पहली बार न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर मार्टिन क्रो ने 2014 में किया था। उन्होंने केन विलियमसन, भारत के विराट कोहली, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और इंग्लैंड के जो रूट को एक साथ इस नाम से पहचाना था। उस समय इन चारों खिलाड़ियों को अपनेअपने देशों के भविष्य के बड़े बल्लेबाजों के रूप में देखा जा रहा था। समय के साथ इन सभी ने अपनी बल्लेबाजी से इस पहचान को सही साबित किया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड बनाए।
मौजूद जानकारी के अनुसार, विराट कोहली 28,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय रन और 86 शतक बना चुके हैं। वहीं जो रूट, स्टीव स्मिथ और केन विलियमसन ने भी टेस्ट क्रिकेट में लंबे समय तक लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। हालांकि, अब इस पीढ़ी के खिलाड़ियों के करियर का अंतिम दौर करीब आ रहा है। विराट कोहली और केन विलियमसन टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, जबकि स्टीव स्मिथ और जो रूट अभी भी खेल रहे हैं।
इसी बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के कार्यक्रम ‘द आईसीसी रिव्यू’ में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन के साथ बातचीत के दौरान विलियमसन ने अपने फैब फोर के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि इस समूह का हिस्सा होने से उन्हें कभी अतिरिक्त दबाव महसूस नहीं हुआ। वह विराट कोहली, स्टीव स्मिथ और जो रूट का काफी सम्मान करते थे और उनकी बल्लेबाजी के तरीके से प्रभावित भी थे।
विलियमसन ने कहा कि उन्होंने जो रूट के साथ यॉर्कशायर में क्रिकेट खेला है और बाकी दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ भी लंबे समय तक मुकाबला किया है। उनके मुताबिक, चारों बल्लेबाजों की खेलने की शैली एकदूसरे से काफी अलग थी। इस समूह में शामिल होना उनके लिए खास जरूर था, लेकिन न्यूजीलैंड की ओर से खेलते समय उनका ध्यान हमेशा टीम के लिए योगदान देने पर रहा।
उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी की असली जिम्मेदारी अपनी टीम के लिए लगातार बेहतर प्रदर्शन करना और जीत में योगदान देना है। अलगअलग देशों और परिस्थितियों में खेलने वाले खिलाड़ियों की आपस में तुलना करना आसान नहीं होता। विलियमसन ने यह भी माना कि अपने करियर के दौरान उन्होंने फैब फोर की पहचान के बारे में ज्यादा नहीं सोचा था, लेकिन अब पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें यह समूह काफी खास लगता है।
जब नासिर हुसैन ने उनसे अगली पीढ़ी के फैब फोर के बारे में पूछा तो विलियमसन ने पांच खिलाड़ियों के नाम बताए। उन्होंने शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, हैरी ब्रूक, कैमरन ग्रीन और रचिन रवींद्र को इस दौड़ में शामिल किया। विलियमसन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह पहले भी इस सवाल का जवाब दे चुके हैं, इसलिए इस बार भी वही नाम लेना बेहतर होगा।
रचिन रवींद्र को लेकर उन्होंने एक बात और कही। विलियमसन के मुताबिक, रचिन के सामने सबसे बड़ी चुनौती टेस्ट क्रिकेट खेलने के पर्याप्त मौके और लंबे समय तक लगातार खेलने की हो सकती है। हालांकि, प्रतिभा के मामले में वह उन्हें इस सूची का मजबूत दावेदार मानते हैं।
गौरतलब है कि शुभमन गिल भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जबकि यशस्वी जायसवाल ने अपने शुरुआती टेस्ट करियर में ही शानदार बल्लेबाजी से पहचान बनाई है। हैरी ब्रूक इंग्लैंड के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल हैं और कैमरन ग्रीन ऑस्ट्रेलिया के लिए बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देते हैं। वहीं रचिन रवींद्र ने भी न्यूजीलैंड के लिए अपने प्रदर्शन से काफी उम्मीदें जगाई हैं। अब देखना होगा कि इनमें से कौन खिलाड़ी आने वाले वर्षों में लगातार प्रदर्शन करके क्रिकेट के नए फैब फोर में अपनी जगह बना पाते हैं।



