
उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले एक लौंडा डांसर की बिहार में गोली मारकर हत्या कर दी गई है. बताया जा रहा कि 3 युवक उसे जबरन सुनसान जगह पर ले जाना चाहते थे. विरोध करने पर पेट में मार दी गोली.
Launda Dancer Murder Case: उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले एक लौंडा डांसर की बिहार में गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि वह अपनी परफॉर्मेंस के बाद बैकस्टेज आराम कर रहा था, तभी 3 युवक वहां आए और उससे दोबारा नाचने के लिए जिद करने लगे. जब डांसर ने इस बात से इन्कार कर दिया तो वे उसे जबरदस्ती एक सुनसान जगह पर ले जाने की कोशिश करने लगे. जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गए. बताया जा रहा है कि गोली डांसर के पेट में लगी.
गोली की आवाज सुनकर उसके साथी मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल लेकर जाने लगे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई. इस घटना के सामने आने के बाद बिहार से लेकर उत्तर प्रदेश तक हड़कंप मच गया है.
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि यह घटना गुरुवार रात गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र की है. मृतक की पहचान सोनू गोड़ के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, लौंडा डांसर सोनू प्रोग्राम खत्म होने के बाद आराम कर रहा था. तीन युवक वहां आए और उस पर दोबारा परफॉर्मेंस देने का दबाव बनाने लगे. अस्पताल पहुंचने से पहले ही सोनू की मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
कहां का रहने वाला था मृतक
सोनू गोड़ देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र के महुआ पाटन गांव का रहने वाला था. जिसके बारे में बताया जा रहा है कि वह एक डांस-ड्रामा पार्टी में लौंडा डांसर के रूप में काम करता था. गुरुवार को पटोहवा गांव निवासी मैनेजर कुशवाहा के बेटे धर्मेंद्र कुशवाहा की शादी थी. बारात गोपालगंज जिले के पटोहवा गांव स्थित महेंद्र कुशवाहा के घर गई थी. बारात के साथ डांस-ड्रामा पार्टी भी बिहार पहुंची थी. सोनू समेत छह डांसर कार्यक्रम में शामिल थे.
डांस पार्टी के संचालक ने क्या कहा?
इस पूरे मामले पर डांस पार्टी के संचालक रामायण यादव का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम अच्छे से चल रहा था. प्रस्तुति खत्म होने के बाद सभी कलाकार स्टेज के पीछे बने टेंट में आराम कर रहे थे. सोनू भी वहीं बैठा था. तभी कुछ युवक वहां आए और उसका हाथ पकड़कर जबरन खींचने लगे. वे उसे अपने साथ ले जाना चाहते थे. जब सोनू ने विरोध किया और खुद को छुड़ाने की कोशिश की तो एक युवक ने पिस्टल सटाकर उसके पेट में गोली मार दी.



