Patna News: बिहार की राजधानी पटना से प्रेमप्रसंग में एक संदिग्ध युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि 26 साल के युवक राहुल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हत्या का आरोप युवक की गर्लफ्रेंड, उसकी मां और उसकी बहन पर लगा है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

जानकारी के अनुसार, सोमवार को राजधानी के कदम कुआं थाना क्षेत्र में राहुल नाम के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. राहुल राजधानी स्थित सिटी सेंटर मॉल की वीआईपी शोरूम में स्टोर मैनेजर के पद पर कार्यरत था. 6 मई को राहुल की सगाई हुई थी. इस बात से उसकी प्रेमिका नाराज थी. इन दोनों के बीच लगभग एक साल से प्रेम संबंध था. सगाई होने के बाद भी उसकी प्रेमिका राहुल पर शादी करने का दबाव बना रही थी.
प्रेमिका ने मिलने बुलाया था
राहुल के परिजनों की माने तो राहुल की प्रेमिका शीतल ने उसे अपने कदम कुआं स्थित घर पर मिलने के लिए बुलाया था. इस दौरान राहुल की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद आरोपी युवती अपने परिजनों के साथ फरार हो गई. इधर घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मृतक युवक के परिजन से घटना के बारे में पूछताछ की.
घर से ड्यूटी के लिए निकला था युवक
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची. मृतक के परिजनों ने घटना का आरोप प्रेमिका पर लगाया है. उनका कहना था कि हर रोज की तरह राहुल सोमवार को भी ड्यूटी जाने के लिए घर से निकला था. इसी दौरान उसे फोन करके बुलाया गया.
इधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया. प्राथमिक जांच में अब तक मामला प्रेमप्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है. बहरहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.



