बिहार के मोतिहारी से सोमवार को ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई जिसने पूरे शिक्षा व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिए. पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा थाना क्षेत्र स्थित एकेआरआर महाविद्यालय, कोटवा में बीए थर्ड ईयर की परीक्षा देकर बाहर निकल रहे एक छात्र की सरेआम चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. घटना उस समय हुई जब कॉलेज परिसर छात्रों से खचाखच भरा हुआ था. दर्जनों छात्रछात्राओं के सामने आरोपी युवक लगातार छात्र पर चाकुओं से हमला करता रहा, लेकिन भय और दहशत के कारण कोई भी बीचबचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सका.

मृतक छात्र की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के देवपुर परसा गांव निवासी रितेश कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रितेश सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था और इलाके में एक सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर के रूप में जाना जाता था. सोमवार को वह बीए थर्ड पार्ट की परीक्षा देकर जैसे ही कॉलेज कैंपस से बाहर निकला, तभी पहले से घात लगाए बैठे उसी गांव के सरोज यादव ने उस पर हमला बोल दिया.
कॉलेज परिसर में छात्र की हत्या
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने पहले रितेश को रोका और फिर अचानक चाकू निकालकर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया. छात्र जान बचाने के लिए इधरउधर भागता रहा, लेकिन आरोपी ने उसे दौड़ादौड़ाकर कई बार चाकू मारा. कॉलेज परिसर कुछ ही सेकंड में चीखपुकार और भगदड़ से गूंज उठा. खून से लथपथ रितेश जमीन पर गिर पड़ा और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
सूचना मिलते ही कोटवा थाना पुलिस भारी संख्या में मौके पर पहुंची और कॉलेज परिसर को अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं घटना के बाद कॉलेज में दहशत का माहौल बना हुआ है. छात्रछात्राओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सोशल मीडिया और यूट्यूब वीडियो अपलोड को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर तनाव चल रहा था. हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की असली वजह पता लगाने में जुटी है. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां परिवार वालों का रोरोकर बुरा हाल हो गया.
आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
परिजनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है. वहीं स्थानीय विधायक सचिन्द्र सिंह ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है. फिलहाल पुलिस आरोपी सरोज यादव की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. इस सनसनीखेज हत्या के बाद पूरे मोतिहारी इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है.



