
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में 26 अगस्त को होटल में हुई 21 वर्षीय युवती की मौत के मामले में पुलिस जांच के बाद कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, युवती को उसके परिचित राहुल ने जन्मदिन मनाने के बहाने होटल बुलाया था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और युवती की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि राहुल और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते थे और दोनों ने 12वीं तक साथ पढ़ाई की थी। युवती बीएससी बायो के साथ नर्सिंग का सर्टिफिकेट कोर्स कर चुकी थी और गुरुग्राम में नौकरी करती थी। रक्षाबंधन के दौरान वह अपने गांव लौट रही थी।
सहेली के घर बैग रखकर राहुल से मिलने गई थी युवती
जानकारी के अनुसार, युवती 26 अगस्त की शाम करीब 8 बजे शिकोहाबाद पहुंची थी। उसने अपनी सहेली के फोन से परिवार से बातचीत भी की थी। रात होने और तबीयत ठीक नहीं लगने की बात कहकर उसने अपना बैग सहेली के घर रखा और इसके बाद राहुल से मिलने चली गई।
पुलिस के अनुसार, राहुल ने अपने एक दोस्त की मदद से होटल में कमरा पहले से बुक कराया था। आरोप है कि होटल में राहुल ने युवती की इच्छा के विरुद्ध उसके साथ संबंध बनाए। बाद में जब उसने दोबारा संबंध बनाने से इनकार किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद के बाद सिर में लगी गंभीर चोट
पुलिस का कहना है कि इसी दौरान राहुल ने युवती के सिर को दीवार से टकरा दिया, जिससे उसे गंभीर चोट लगी। हालत बिगड़ने के बाद राहुल अपने दोस्त के साथ उसे बाइक से अस्पताल ले गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसके साथ मौजूद बताए जा रहे दोस्त की तलाश की जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद बढ़ाई गई दुष्कर्म की धारा
युवती के पिता की शिकायत पर 27 अगस्त को शिकोहाबाद थाने में हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पूछताछ और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर युवती के साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध यौन संबंध बनाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद मामले में BNS की धारा 64(1) यानी दुष्कर्म की धारा भी जोड़ दी गई।
आरोपी के पास से मोबाइल और दवा बरामद
पुलिस ने राहुल के पास से युवती का मोबाइल फोन बरामद करने की बात कही है। इसके अलावा एक अन्य मोबाइल और यौन उत्तेजक दवा भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने इन सभी चीजों को जांच का हिस्सा बनाया है।
फिलहाल राहुल को जेल भेज दिया गया है, जबकि पुलिस उसके साथी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।


