
प्रतापगढ़, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां थाना क्षेत्र में बुधावर को एक दर्दनाक हादसा हो गया, हालांकि एक बड़ी जनहानि होने से टल गई। प्रयागराजलखनऊ रेलखंड स्थित कृष्णा राम का पुरवा के पास रेलवे फाटक पार कर रही 30 से 35 बकरियां ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान ट्रैक के पास मौजूद कई महिलाएं बालबाल बचीं।
ट्रैक पर अचानक पहुंचा बकरियों का झुंड
घटना सुबह लगभग 10 बजे की है। लखनऊ से प्रयागराज की ओर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस जब खिदिरपुर के पास रेलवे फाटक से गुजर रही थी, तभी आसपास चर रही बकरियों का झुंड अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गया। ट्रेन की रफ्तार तेज होने के कारण बकरियों को हटने का मौका नहीं मिला और 35 बकरियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के वक्त बकरियों के साथ कुछ महिलाएं भी रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं। अचानक सामने से आती इंटरसिटी एक्सप्रेस को देखकर महिलाओं में अफरातफरी मच गई। उन्होंने तेजी से ट्रैक से हटकर किसी तरह अपनी जान बचाई, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था।
आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे। ट्रैक को साफ करवाकर हालात का जायजा लिया और ट्रेन को आगे के लिए रवाना कराया। इस हादसे से अपनी रोजीरोटी खो चुके पशुपालकों में गहरा शोक और निराशा है। रेलवे प्रशासन और स्थानीय अधिकारी फिलहाल घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटा रहे हैं।


