इटली ने इजरायल के साथ अपने डिफेंस एग्रीमेंट को निलंबित कर दिया है। इस डिफेंस एग्रीमेंट में सैन्य उपकरणों और प्रौद्योगिकी अनुसंधान का आदान-प्रदान किया जाता था।

नहीं किया जाएगा नवीनीकरण
इटली की समाचार एजेंसियों ANSA और AGI के अनुसार, वेरोना में एक कार्यक्रम के दौरान मेलोनी ने कहा, “वर्तमान स्थिति को देखते हुए, सरकार ने इजरायल के साथ रक्षा समझौते के स्वतः नवीनीकरण को निलंबित करने का निर्णय लिया है।” एक इतालवी राजनयिक सूत्र ने एएफपी को समझौते के निलंबन की पुष्टि करते हुए कहा, “इसे जारी रखना राजनीतिक रूप से कठिन होता।”
हर पांच साल में होती है समीक्षा
बता दें कि इजरायल द्वारा 2006 में अनुमोदित इस समझौते की हर पांच साल में समीक्षा की जाती है। इसमें रक्षा उद्योगों, सैन्य कर्मियों की शिक्षा और प्रशिक्षण, अनुसंधान और विकास तथा सूचना प्रौद्योगिकी सहित अन्य क्षेत्रों में सहयोग का प्रावधान है। पिछले सप्ताह दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया, जब इतालवी सरकार ने इजरायली सेना पर लेबनान में इतालवी संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के काफिले पर चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाने का आरोप लगाया। इस घटना में कम से कम एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ, जिसके विरोध में इटली ने इजरायल के राजदूत को तलब किया।
इजरायल-इटली के बीच तनाव
वहीं सोमवार को, इजरायल ने इतालवी विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी द्वारा लेबनानी नागरिकों पर इजराइली सेना द्वारा किए गए “अस्वीकार्य हमलों” की निंदा करने वाली टिप्पणियों के बाद इटली के राजदूत को तलब किया। उप प्रधानमंत्री ताजानी सोमवार को लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ औन और विदेश मंत्री यूसुफ रागी के साथ बातचीत के लिए बेरूत में थे। उन्होंने बाद में X पर लिखा कि वे “नागरिक आबादी के खिलाफ इजरायल के अस्वीकार्य हमलों के बाद इटली की एकजुटता व्यक्त करने” के लिए वहां थे।


