इंडियंस के मुख्य कोच माहेला जयवर्धने ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से दो विकेट से मिली हार के बाद टीम के इंडियन प्रीमियर लीग के प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने के बाद स्वीकार किया कि उनके प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव रहा।
मुंबई इंडियंस की यह 11 मैच में आठवीं हार थी जिससे पता चलता है कि उसकी टीम निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही।

जयवर्धने ने मैच के बाद कहा, ‘‘यह सत्र निराशाजनक रहा। हमें मौके मिले लेकिन हम उनका फायदा नहीं उठा पाए। हमारे प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव रहा। हम बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए जिससे हमें हार का सामना करना पड़ा।’’
मुंबई को आरसीबी के खिलाफ अंतिम ओवर में 15 रन का बचाव करना था लेकिन उसके ऑलराउंडर राज अंगद बावा ऐसा करने में नाकाम रहे।
बावा को आखिरी ओवर सौंपने के बारे में जयवर्धने ने कहा, ‘‘उस समय हमारे सभी गेंदबाजों के ओवरों का कोटा पूरा हो चुका था। हमारे पास कोई भी अनुभवी गेंदबाज नहीं बचा था। हमारे पास दो स्पिनर थे। उनमें से एक रघु शर्मा थे जिन्होंने गेंदबाजी नहीं की थी। दूसरा विकल्प शायद अल्लाह ग़ज़नफ़र होते।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सूर्यकुमार यादव ने राज पर भरोसा दिखाया। राज अच्छा गेंदबाज है। हम जानते हैं कि वह क्या कर सकता है। वह भी दबाव में था। लेकिन जिस तरह से हमने संघर्ष किया, उससे मैं खुश हूं। यह बहुत करीबी मुकाबला था। हमें शायद आखिर में थोड़ा बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए था।



