भारत का हेल्थ केयर सेक्टर तेजी से बदल रहा है. लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियां बढ़ रही हैं, कैंसर और दिल की बीमारियों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. वहीं, युवाओं में हड्डियों और जोड़ों की समस्याएं भी बढ़ी हैं. इसके साथ ही लोग अपनी सेहत को लेकर पहले से ज्यादा जागरूक हुए हैं. ऐसे में मरीजों की उम्मीदें भी बदल गई हैं. अब वे सिर्फ आधुनिक इलाज नहीं चाहते, बल्कि समय पर बीमारी की सही पहचान, अपनी जरूरत के मुताबिक सलाह, जल्दी स्वस्थ होने की सुविधा और इलाज के पूरे सफर में डॉक्टरों का लगातार साथ भी चाहते हैं.

हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि आने वाले समय में बेहतर इलाज सिर्फ नई तकनीक से नहीं, बल्कि डॉक्टरों की बेहतर क्वालिटी, बीमारी से बचाव पर जोर, आधुनिक तकनीक के सही इस्तेमाल और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार के मेल से ही संभव होगा.
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट, दिल्ली के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा, आज के समय में बेहतर हेल्थ केयर के लिए अलगअलग विशेषज्ञों के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है. कैंसर हो या कोई गंभीर बीमारी, कई विशेषज्ञों की साझा राय से बीमारी की सही पहचान करना आसान होता है और मरीज के लिए उसकी जरूरत के मुताबिक बेहतर इलाज की योजना बनाई जा सकती है.
आधुनिक मेडिकल सुविधाओं के साथसाथ लोगों में नियमित हेल्थ चेकअप और प्रिवेंटिव स्क्रीनिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी आज की बीमारियों का बोझ कम करने में अहम भूमिका निभाएगा.”
पिछले एक दशक में हेल्थकेयर सेवाओं में तकनीक के क्षेत्र में तेजी से बदलाव आया है. मिनिमली इनवेसिव प्रक्रियाओं जैसी आधुनिक तकनीकों की मदद से मरीजों को कम दर्द होता है, वे जल्दी स्वस्थ होते हैं और अस्पताल में भी कम समय तक भर्ती रहना पड़ता है.
सेफ हेल्थ केयर फैसिलिटी
इस बदलाव के लिए अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल, दिल्ली के रोबोटिक, लैप्रोस्कोपिक और बैरिएट्रिक सर्जन डॉ. अतुल सरदाना ने कहा, आज के मरीज ऐसी हेल्थ केयर सेवाएं चाहते हैं, जो सुरक्षित हों, असरदार हों और उनकी जरूरतों के मुताबिक हों. मिनिमली इनवेसिव सर्जरी ने इलाज के नतीजों में बड़ा बदलाव किया है. इससे दर्द कम होता है और मरीज पहले की तुलना में तेजी से स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट पाते हैं.
लेकिन अच्छी हेल्थकेयर सिर्फ आधुनिक तकनीक से तय नहीं होती. डॉक्टर और मरीज के बीच संवेदनशील संवाद, मरीज को सही जानकारी देना और बेहतर इलाज, ये तीनों मिलकर मरीज का भरोसा मजबूत करते हैं और इलाज के पूरे सफर को आसान बनाते हैं.”
समय पर बीमारी की पहचान है जरूरी
कैंसर हीलर सेंटर के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. तरंग कृष्णा ने कहा, आज कैंसर का इलाज सिर्फ बीमारी को खत्म करने तक सीमित नहीं रह गया है. यह मरीज को उसके जीवन के सबसे कठिन दौर में सही मार्गदर्शन, आत्मविश्वास और संवेदनशील सहयोग देने की भी जिम्मेदारी है. समय पर बीमारी की पहचान, सही समय पर इलाज शुरू करना, मरीज की जरूरत के मुताबिक उपचार की योजना बनाना और लगातार भावनात्मक सहयोग देना बेहतर नतीजे हासिल करने में अहम भूमिका निभाते हैं. एक डॉक्टर के रूप में हमारी जिम्मेदारी सिर्फ मरीज की उम्र बढ़ाना नहीं, बल्कि उसे सम्मान, उम्मीद और बेहतर जीवन जीने का भरोसा देना भी है.”
भारत का हेल्थ केयर सिस्टम लगातार मजबूत हो रहा है और इसके साथ ही डॉक्टरों की भूमिका भी पहले से कहीं अधिक व्यापक होती जा रही है. नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर उनका योगदान हमें यह याद दिलाता है कि भविष्य का हेल्थकेयर सिर्फ आधुनिक मेडिकल तकनीकों पर नहीं, बल्कि डॉक्टरों की संवेदनशीलता, मानवीय सोच और मरीजों के प्रति उनके समर्पण पर भी उतना ही निर्भर करेगा.



