
काठमांडू। नेपाल में भारी बारिश के कारण शुक्रवार को काठमांडू में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को स्थगित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार से काठमांडू घाटी और देश के कई अन्य हिस्सों में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से नेपाल की राजधानी को जोड़ने वाले कई राजमार्ग अवरुद्ध हो गये।
भूस्खलन के कारण राजमार्गो पर यातायात बाधित
काठमांडू घाटी यातायात पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता पुलिस अधीक्षक नरेश राज सुबेदी ने कहा कि पृथ्वी और बीपी राजमार्गों पर भूस्खलन के कारण यातायात बाधित होने से सार्वजनिक वाहनों का परिचालन रोक दिया गया है। पृथ्वी राजमार्ग काठमांडू को बागमती और गंडकी प्रांतों से जोड़ता है, जबकि बीपी राजमार्ग, राजधानी को मधेश प्रांत और पूर्वी नेपाल से जोड़ता है।
‘द काठमांडू पोस्ट’ की खबर के अनुसार, मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए अधिकारियों ने बीपी राजमार्ग के कावरेपालंचोक खंड पर रात के समय आवाजाही पर भी रोक लगा दी है। लोगों को रविवार तक शाम पांच बजे से सुबह पांच बजे के बीच इन सड़कों का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है।
खबर के अनुसार, मुख्य जिला अधिकारी गोपाल कुमार अधिकारी ने कहा कि दिन के समय भी मार्ग बंद रखने की अवधि बढ़ाने का फैसला करने से पहले स्थिति का आकलन किया जायेगा। चितवन में पृथ्वी राजमार्ग और नारायणघाटमुगलिन सड़क को भूस्खलन और लगातार बारिश के बाद आगे भी ऐसी घटनाओं के खतरे को देखते हुए अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
बढते जलस्तर के कारण संचालन पर रोक
मुख्य जिला अधिकारी गणेश अर्याल ने बताया कि यातायात को शुरुआत में बृहस्पतिवार रात आठ बजे से शुक्रवार सुबह पांच बजे तक रोका गया था, लेकिन बारिश जारी रहने के कारण यातायात रोके जाने की अवधि बढ़ा दी गई। इसके अनुसार, पृथ्वी राजमार्ग का चितवन खंड कई स्थानों पर हुए भूस्खलन से प्रभावित हुआ है।
समाचार पत्र ‘द राइजिंग नेपाल’ की खबर के अनुसार मलबा हटाने का काम जारी रहने के दौरान जाम की स्थिति से बचने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काठमांडू के गोंगबु स्थित न्यू बस पार्क में लंबी दूरी की बसों को रोका जा रहा है। नदियों में जलस्तर बढ़ने के कारण यातायात अधिकारियों ने वाहन चालकों को नदी किनारे के रास्तों पर वाहन खड़ा करने से बचने के निर्देश दिए हैं।


