
प्रतापगढ़, अमृत विचार : पट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम मोलनापुर निवासी शैलेश गौतम उर्फ अर्जुन पुत्र लल्लूराम की पुलिस कस्टडी में हुई मौत के मामले में समाजवादी पार्टी ने प्रतिनिधि मंडल भेजने का फैसला किया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा का 12 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल 26 सितंबर को प्रतापगढ़ आयेगा। प्रतिनिधि मंडल विधान सभा क्षेत्र व थाना पट्टी अंतर्गत ग्राम मोलनापुर पहुंचकर घटना की जानकारी लेगा तथा शोकाकुल परिवार से मिलेगा। पूरी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय में प्रस्तुत की जायेगी।
प्रतिनिधि मंडल में शामिल सदस्य
1. डॉ. एसपी सिंह पटेल सांसद,प्रतापगढ़
2. पुष्पेन्द्र सरोज सांसद, कौशांबी
3. त्रिभुवन दत्त विधायक आलापुर, आंबेडकर नगर,
4. तूफानी सरोज विधायक केराकत,जौनपुर
5. डा.आर.के. वर्मा विधायक,रानीगंज
6. राम सिंह पटेल विधायक पट्टी
7. मिठाई लाल भारती राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी बाबा साहेब आंबेडकर वाहिनी
8. अब्दुल कादिर जिलानी जिला महासचिव समाजवादी पार्टी
9. नागेन्द्र सिंह मुन्ना यादव पूर्व विधायक, सदर, प्रतापगढ़
10. राजकुमार पाल पूर्व विधायक, सदर,प्रतापगढ़
11. विजय यादव पूर्व प्रत्याशी विधान परिषद,प्रतापगढ़
12. आर.के.भीम विधानसभा अध्यक्ष
प्रधान संघ ने की निष्पक्ष जांच की मांग
पट्टी कोतवाली में 21 सितंबर को युवक अर्जुन उर्फ शैलेश की पुलिस अभिरक्षा में हुई संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ गया है। शुक्रवार को ग्राम प्रधान संघ पट्टी के पदाधिकारियों ने एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रधान संघ के अध्यक्ष इंद्रधर दूबे व अन्य पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस अपनी नाकामी छुपाने के लिए मौत को आत्महत्या बता रही है और बचाव में पीड़िता किशोरी के निर्दोष परिवार पर हत्या का फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया है। संघ ने नामजद आरोपियों को मुकदमे से बाहर करने और नाबालिग किशोरी का अपहरण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संघ ने चेतावनी दी है कि न्याय न मिलने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ः



