
भारतीय स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मेजबान देश की खिलाड़ी अकाने यामागुची को लगातार दो सेट में 21-17 और 21-17 से मात देने के साथ खिताब को अपने नाम कर लिया है। पीवी सिंधु ने जापान ओपन जीतने के साथ इतिहास भी रच दिया है, जिसमें वह देश की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं जो इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने में कामयाब हो सकी हैं। सिंधु करीब 2 साल बाद BWF वर्ल्ड टूर के किसी बड़े टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेलने उतरी थी, जिसमें इससे पहले उन्होंने साल 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल का खिताब जीता था।
दोनों ने सेट में दिखा कड़ा मुकाबला, सिंधु ने नहीं गंवाई अपनी लय
पीवी सिंधु का जापान ओपन 2026 में काफी शानदार फॉर्म देखने को मिला जिसमें फाइनल मुकाबले में भी वह अपनी इसी लय को बरकरार रखने में कामयाब रहीं। इस मैच के पहले सेट की शुरुआत में एक समय सिंधु 11-9 से पीछे थी, जिसके बाद उन्होंने शानदार तरीके से वापसी करने के साथ अकाने यामागुची को 21-17 के अंतर से पहले सेट में मात दी। वहीं इसके बाद दूसरे सेट की शुरुआत से ही सिंधु ने अकाने यामागुची को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और लगातार अपनी बढ़त को बरकरार रखा, जिसमें यामागुची ने वापसी की तो कोशिश की लेकिन सिंधु ने इस सेट को भी 21-17 के अंतर से अपने नाम करने के साथ 50 मिनट के अंदर मुकाबला खत्म करते हुए खिताब को अपने नाम कर लिया।



