
रायबरेली, अमृत विचार। जन्माष्टमी के अवसर पर शिवाजी नगर, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, बालापुरवा और आईटीआई क्षेत्र के निवासियों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। लखनऊ रोड से अभय दाता मंदिर जाने वाला मार्ग लंबे समय से खस्ताहाल होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इससे नाराज क्षेत्रीय नागरिकों ने संशिक्षा स्कूल के सामने सड़क पर बैठकर भगवान सत्यनारायण की कथा का आयोजन किया और नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों के आक्रोश की सूचना पर मिल एरिया पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, क्षेत्रीय नागरिकों ने मौके पर किसी उच्चाधिकारी को बुलाकर सड़क की स्थिति का निरीक्षण कराने की मांग रखी। इसके बाद मिल एरिया पुलिस ने सिटी मजिस्ट्रेट रामअवतार को मौके पर बुलाया।
सिटी मजिस्ट्रेट ने पैदल चलकर देखा पूरा मार्ग
सिटी मजिस्ट्रेट के पहुंचने पर क्षेत्रीय नागरिकों ने उनके समक्ष सड़क की समस्या रखी और आग्रह किया कि जब वह मौके पर आए हैं तो सड़क का निरीक्षण भी कर लें। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने आम नागरिकों के साथ पैदल चलकर मार्ग का निरीक्षण किया। सड़क की बेहद खराब स्थिति देखकर उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि एक सप्ताह के भीतर सड़क के गड्ढे भरवा दिए जाएंगे।
आश्वासन के बाद शांत हुए नागरिक
सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार के आश्वासन के बाद क्षेत्रीय नागरिकों ने उनका धन्यवाद किया और उम्मीद जताई कि लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या का जल्द समाधान होगा। इस मौके पर शक्ति प्रताप सिंह, मजदूर संघ के प्रांतीय नेता रामदेव सिंह, धर्मेंद्र वर्मा, भूपेंद्र श्रीवास्तव, दीपक सिंह, अनुराग सिंह ‘गोलू’, नामित सभासद अखिलेश तिवारी, अजीत सिंह, गौरव पांडेय, अमरेश पासी, सौरभ सिंह, अनूप राठौर सहित सैकड़ों क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।


