ChhattisgarhCrimeIndiaTrending

​​​​​50 हजार रुपये उधार देकर वसूले 72 हजार से ज्यादा, फिर भी मांगे डेढ़ लाख! दुर्ग में दो महिलाएं गिरफ्तार

​​​​​50 हजार रुपये उधार देकर वसूले 72 हजार से ज्यादा, फिर भी मांगे डेढ़ लाख! दुर्ग में दो महिलाएं गिरफ्तार

दुर्ग, छत्तीसगढ़: ब्याज पर रकम देने के नाम पर कथित तौर पर लोगों से मनमानी वसूली और धमकी देने के मामले में दुर्ग पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और एक मकान की तलाशी से कुल 3 लाख 79 हजार 900 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा कई ब्लैंक चेक, कोरे स्टाम्प पेपर और लेन-देन का हिसाब रखने वाली डायरी भी जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, वैशालीनगर निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने वर्ष 2024 में 50 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। इसके बदले उसने सुरक्षा के तौर पर ब्लैंक चेक और हस्ताक्षर किया हुआ कोरा स्टाम्प पेपर दिया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वह 29 सप्ताह तक हर सप्ताह 2,500 रुपये के हिसाब से कुल 72,500 रुपये चुका चुकी थी। इसके बावजूद उससे 1.50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी। रकम देने में देरी होने पर उसे और उसके परिवार को धमकियां दी गईं।

इसी मामले में शिकायतकर्ता की सहेली ने भी आरोप लगाया कि उसने एक लाख रुपये उधार लिए थे और 28 सप्ताह तक हर सप्ताह 5 हजार रुपये के हिसाब से कुल 1.40 लाख रुपये चुका दिए थे। इसके बाद भी उसे परेशान किया जा रहा था।

शिकायतों के आधार पर वैशालीनगर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान बबली साहू उर्फ बबली निरंजन (42) और ज्योति निरंजन (27) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बबली के पास से 99,900 रुपये और एक मकान की तलाशी के दौरान करीब 2.80 लाख रुपये बरामद किए। साथ ही विभिन्न बैंकों के ब्लैंक चेक, कोरे स्टाम्प पेपर और ब्याज वसूली से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए।

पुलिस के अनुसार, बबली साहू के खिलाफ पहले भी कर्जा एक्ट और अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ब्याज के नाम पर अवैध वसूली, धमकी या ब्लैंक चेक के जरिए दबाव बनाने की शिकायत तुरंत दर्ज कराएं।

सत्यम रिपोर्ट: यह खबर पुलिस से मिली जानकारी और शिकायतों के आधार पर तैयार की गई है। मामले में आरोपों की कानूनी पुष्टि न्यायालय की प्रक्रिया के बाद होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply