
हाल ही में मिनी मुंबई कहे जाने वाले शहर इंदौर के तिलक नगर स्थित एलएक्स होटल के कमरा नंबर 101 में 32 वर्षीय ब्यूटिशियन सोनिला शर्मा की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया था। महिला की डेडबॉडी बिस्तर पर पड़ी मिली थी और मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस जांच में पता चला था कि महिला पाइप कारोबारी दीपक खंडेलवाल के साथ होटल में रुकी थी कथित तौर पर जो महिला का बॉयफ्रेंड था। आरोपी मौके से फरार हो गया था हालांकि काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अब इस मामले में आरोपी ने बड़े खुलासे किए हैं।
ये है मामला
4 दिन पहले बुधवार को तिलक नगर के एलेक्स होटल के कमरा नंबर 101 में ब्यूटीशियन सोनिला का शव मिला था। उसके साथ दीपक खंडेलवाल रुका था जो घटना के बाद से फरार था। शुरुआती जांच में जहर खाने की आशंका जताई गई थी। लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में फंदे से मौत का एंगल सामने आया।
मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने दीपक की तलाश शुरु की। लेकिन जब दीपक काबू नहीं आया तो पुलिस उसकी पत्नी और बच्चों को थाने ले आई तो दीपक ने शुक्रवार को सरेंडर किया। उसने पुलिस को फोन कर अपनी लोकेशन बताई थी। पुलिस ने उसे बायपास से हिरासत में लिया था और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
सोनिला से 4 साल से संबंध, पत्नी को पता चला तो बढ़ी दूरियां
दीपक ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया कि वह और सोनिला करीब चार साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दीपक की पत्नी को दोनों की दोस्ती का पता चला तो विवाद के बाद दीपक ने सोनिला से मिलना कम कर दिया था। लेकिन सोनिला उस पर लगातार दबाव बना रही थी। दीपक ने बताया कि सोनिला उससे पैसे नहीं मांगती थी। वह सिर्फ उससे मिलने और बातचीत करते रहना चाहती थी।
उस दिन कमरा नंबर 101 में क्या हुआ?
दीपक खंडेलवाल ने पुलिस को बताया कि सोनिला ने कमरा नंबर 101 बुक करवाया था। दोनों के आधार कार्ड जमा थे। सोनिला अपने साथ बीयर लेकर आई थी। जब मैंने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो सोनिला ने मुझे देखकर दरवाजा बंद कर लिया। मैंने दरवाजे को धक्का दिया और कमरे में दाखिल हो गया। हम दोनों के बीच कुछ देर बहस भी हुई। इसी बीच वह फंदा तैयार करने लगी। मुझे लगा हर बार की तरह वह सिर्फ मुझे डरा रही है। लेकिन देखते ही देखते वह फंदे पर लटक गई। उसे फंदे पर लटकता देख वह घबरा गया, वह नशे में था इसलिए उसे नीचे नहीं उतार पाया। इसके बाद वह कमरे से नीचे गया और कर्मचारियों को साथ लेकर गया। होटल स्टाफ की मदद से सोनिला को कार से अस्पताल ले जाया गया।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब दीपक के बयान, होटल के CCTV, पोस्टमॉर्टम और विसरा रिपोर्ट की जांच कर रही है। क्योंकि सोनिला की मौत से पहले दीपक करीब 40 मिनट तक कमरे में मौजूद था, इसलिए आत्महत्या के लिए उकसाने के एंगल से भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, यदि मामले में दीपक की भूमिका पाई जाती है तो उसके आधार पर अगला एक्शन लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस साक्ष्य जुटाने में जुटी है।



