उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां अंधविश्वास के जाल में फंसे कुछ युवकों ने एक जलती चिता से मानव खोपड़ी चुरा ली। हापुड़ देहात थाना पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसके बाद इस पूरी सनसनीखेज साजिश का खुलासा हुआ है। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपियों की करतूत रास्ते में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

श्मशान से खोपड़ी चोरी का राज कैसे खुला?
हापुड़ देहात क्षेत्र के एक श्मशान घाट से शवों के अवशेष, विशेषकर मानव खोपड़ी चोरी करने का मामला एक सीसीटीवी की मदद से पुलिस के संज्ञान में आया था। इस संबंध में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा पंजीकृत किया। पुलिस के अनुसार, श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के दौरान कुछ युवक जलती चिता से मानव खोपड़ी और अवशेष लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की पहचान हुई। फुटेज में साफ देखा गया कि किस प्रकार आरोपी इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देकर मौके से भाग रहे थे। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। आज पुलिस ने घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
तांत्रिक ने दी थी जलती चिता से खोपड़ी लाने की सलाह
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपी अमन अपनी प्रेमिका और अपने मातापिता को पूरी तरह अपने वश में करना चाहता था। इसके लिए उसने एक तथाकथित तांत्रिक अवधेश शर्मा से संपर्क किया, जिसने उसे जलती चिता से खोपड़ी लाने की सलाह दी थी। आरोपी अयान भी इसी तरह की तांत्रिक क्रिया के जरिए अपनी मां को वश में करने की कोशिश में जुटा था।
50 से ज्यादा फोटो पर तंत्रमंत्र
पुलिस ने जब आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। आरोपियों के पास से विभिन्न महिला और पुरुषों के करीब 50 से अधिक फोटोग्राफ बरामद हुए हैं, जिन पर तंत्रमंत्र की क्रियाएं की जा रही थीं। इसके अलावा पुलिस ने चिता की राख, अवशेष और भारी मात्रा में तांत्रिक पूजन सामग्री भी बरामद की है।
पुलिस ने क्या कहा?
डीएसपी वरुण मिश्रा ने इस गंभीर मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हापुड़ देहात क्षेत्र के एक श्मशान घाट से शवों के अवशेष, विशेषकर मानव खोपड़ी चोरी करने का मामला प्रकाश में आया था। इस संबंध में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा पंजीकृत किया और घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
देखें वीडियो
उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में एक उम्रदराज व्यक्ति, जिसे बाबा कहा जा रहा है, और उसके साथ दो अन्य युवक शामिल हैं। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि ये लोग तांत्रिक क्रियाएं और वशीकरण का काम करते थे। आरोपियों के पास से तांत्रिक सामग्री के साथसाथ कई महिला और पुरुषों के फोटोग्राफ भी बरामद हुए हैं। एक आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपनी प्रेमिका को वश में करने के लिए इस बाबा से तांत्रिक अनुष्ठान करवा रहा था। पुलिस फिलहाल मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।



