पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इंडियर प्रीमियर लीग में बृहस्पतिवार को यहां मुंबई इंडियन्स के खिलाफ छह विकेट की हार के साथ लगातार पांचवीं शिकस्त झेलने के बाद स्वीकार किया कि उन्हें नॉकआउट में जगह सुनिश्चित करने के लिए अब करो या मरो के अंतिम दोनों मैच जीतने होंगे।
पंजाब की टीम सात मैच के बाद अजेय थी और शीर्ष पर चल रही थी लेकिन लगातार पांचवीं हार के बाद 12 मैच में 13 अंक के साथ चौथे स्थान पर है।

पंजाब के 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्ले ऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी मुंबई की टीम ने तिलक वर्मा के तेजतर्रार अर्धशतक और विल जैक्स के साथ उनकी पांचवें विकेट की 20 गेंद में 56 रन की अटूट साझेदारी से 19.5 ओवर में चार विकेट पर 205 रन बनाकर जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन ने भी उम्दा पारी खेली। तिलक ने शेरफेन रदरफोर्ड के साथ भी चौथे विकेट के लिए 61 रन जोड़े।
अय्यर ने मैच के बाद कहा, ‘‘यह हार पचाना मुश्किल है। मैं किसी एक खास स्थिति पर अंगुली नहीं उठाना चाहता। यह क्रिकेट का एक शानदार मैच था। उसने जबरदस्त पारी खेली और क्षेत्ररक्षण के हिसाब से खेला इसलिए इसका श्रेय उसी को जाता है।’’
पंजाब के कप्तान अय्यर ने अजमुल्लाह उमरजई की सराहना की जिन्होंने डेथ ओवरों में 17 गेंद में दो चौकों और चार छक्कों से 38 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर आठ विकेट पर 200 रन तक पहुंचाया।
अय्यर ने कहा, ‘‘एक समय ऐसा लग रहा था कि हम 170180 रन बना पाएंगे लेकिन उसने पूरी तरह से मैच का रुख हमारी तरफ मोड़ दिया। 200 रन तक पहुंचना एक काबिले तारीफ प्रदर्शन था।’’
अय्यर ने कहा कि उन्हें दोनों मैच जीतकर नॉटआउट में अपनी जगह पक्की करनी होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘अगले मौके को लेकर हम निश्चित रूप से उत्साहित हैं। यह दोपहर का मैच है और हमें दोनों मैच जीतने होंगे। हम खेलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।



