
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में कथित तौर पर ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. हसवा कस्बे की 19 वर्षीय नवविवाहिता अपने पति को छोड़कर दूसरे समुदाय के प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी. परिवार ने उसे समझाने की कोशिश की, पंचायत भी हुई और उसे दोबारा ससुराल भेजा गया, लेकिन वह अपने फैसले पर कायम रही.
Fatehpur Honor Killing: फतेहपुर जिले के हसवा कस्बे में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. यहां एक नवविवाहिता युवती का अपने पति के बजाय दूसरे समुदाय के युवक के साथ रहने का फैसला उसके परिवार को मंजूर नहीं था. परिवार की नाराजगी धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि मामला कथित तौर पर ऑनर किलिंग तक पहुंच गया. आरोप है कि युवती के बड़े भाई ने उसे समझाने की तमाम कोशिशों के बाद गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया और शव को कुएं में फेंक दिया. घटना के बाद आरोपी रातभर जंगल में छिपा रहा और अगले दिन पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया.
शादी के कुछ दिन बाद ही प्रेमी के साथ चली गई थी युवती
थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा कस्बा निवासी शिव सिंह यादव की 19 वर्षीय पुत्री मंजू उर्फ रंजू की शादी इसी साल 1 मई को राधानगर थाना क्षेत्र के सोनहीं बड़नपुर निवासी पिंटू के साथ हुई थी. परिजनों के मुताबिक शादी के बाद युवती चौथी की रस्म के लिए मायके आई थी. इसी दौरान 13 मई की रात वह गांव के ही दूसरे समुदाय के युवक के साथ चली गई. परिवार ने उसकी गुमशुदगी और प्रेमी के साथ जाने की सूचना पुलिस को भी दी थी. करीब तीन दिन बाद 16 मई को परिजन युवती को खोजकर वापस घर ले आए. मामला बढ़ने पर दोनों परिवारों और ग्रामीणों के बीच पंचायत भी हुई, जिसके बाद समझौते के तहत युवती को फिर से उसके ससुराल भेज दिया गया.



