
कोयंबटूर: तमिलनाडु के कोयंबटूर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सड़क किनारे बैठी एक महिला के साथ कथित तौर पर जबरदस्ती करने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। महिला की चीख सुनकर उसके आसपास रहने वाले दो आवारा कुत्ते युवक पर झपट पड़े और उसे वहां से भागने पर मजबूर कर दिया। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
देर रात महिला के पास पहुंचा युवक
यह घटना गुरुवार देर रात कोयंबटूर जिले के थुडियालुर इलाके में रेलवे ओवरब्रिज के पास की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, महिला सड़क किनारे बैठी थी और उसके आसपास अक्सर रहने वाले दो कुत्ते भी मौजूद थे।
इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने पहले महिला से बातचीत की और आसपास मौजूद कुत्तों के बारे में पूछा। इसके बाद उसने महिला के साथ कथित तौर पर जबरदस्ती करने की कोशिश की।
कुत्तों ने युवक को घेरकर भगाया
CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि युवक ने पहले कुत्तों को महिला से दूर करने की कोशिश की। उसने एक पत्थर उठाकर उन्हें भगाया, जिसके बाद कुछ समय के लिए कुत्ते पीछे हट गए।
लेकिन महिला के साथ युवक की हरकत बढ़ते ही कुत्ते दोबारा उसके पास पहुंच गए। उन्होंने युवक पर भौंकना शुरू कर दिया और फिर उसकी तरफ झपट पड़े। अचानक हुए इस विरोध से घबराया युवक वहां से भागने लगा। कुत्तों ने उसका पीछा भी किया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक नशे की हालत में था। महिला मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है और आसपास रहने वाले ये कुत्ते अक्सर उसके साथ रहते थे।
मामला उस समय सामने आया जब पुलिस इलाके में एक दुकान में लगी आग की घटना की जांच के दौरान CCTV फुटेज खंगाल रही थी। इसी दौरान कैमरे में कैद महिला के साथ हुई इस घटना पर पुलिस की नजर पड़ी।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की पहचान करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की आगे जांच कर रही है।

-1788593729668_v.webp)

