CrimeIndiaTrending

बच्ची थी सांवली तो कर दी हत्या? मां के आशिक ने चलती कार में गला घोंटा, IVF के फेर में खुल गई पोल

बच्ची थी सांवली तो कर दी हत्या? मां के आशिक ने चलती कार में गला घोंटा, IVF के फेर में खुल गई पोल

दक्षिणी राज्य कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक वकील मां ने अपने आशिक संग मिलकर अपनी ही छह साल की बेटी की इसलिए हत्या कर दी कि उसका रंग सांवला था। इसका भेद तब खुला, जब बच्ची की हत्या के तीन महीने बाद, बेंगलुरु की ये वकील और उसके प्रेमी ने एक IVF सेंटर का दौरा किया, जहां वो एग सैंपल देने पहुंचे थे। मामले की जांच कर रही पुलिस को केस में एक नया पहलू मिला है कि क्या बच्ची की मौत से पहले ही इस प्रेमी जोड़े ने इन विट्रो फर्टिलाइज़ेशन (IVF) की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।

दरअसल, बेंगलुरु पुलिस ने बच्ची के असली पिता की शिकायत पर जब मामले की जांच शुरू की तो पाया कि बच्ची की मां वकील प्रियंका पी और उसके कथित प्रेमी मोहन एमजी एक IVF सेंटर जाते रहे हैं, जहां वो बेबी प्लान कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रियंका और मोहन लगातार एक अस्पताल जा रहे थे जहाँ IVF प्रक्रिया के तहत कथित तौर पर एग सैंपल लिया गया था। इसके बाद पुलिस का शक गहरा हो गया कि कहीं बच्ची के रंग की वजह से तो इस जोड़ी ने उसकी हत्या नहीं कर दी? हालांकि, पुलिस इस निष्कर्ष पर अभी नहीं पहुंच सकी है और मामले की जांच जारी है।

पांच दिन की पुलिस हिरासत में आरोपी मां

इस बीच, पुलिस ने सात दिनों की तलाश के बाद आरोपी वकील प्रियंका को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। उसे बेंगलुरु से लगभग 220 किलोमीटर दूर हासन जिले के सकलेशपुर में एक फार्महाउस से दबोचा गया। पुलिस ने बताया कि फरार रहने के दौरान उसने कथित तौर पर दो बार अपनी जगह बदली थी। वह पहले सकलेशपुर के बाहरी इलाके में एक सुनसान कमर्शियल रिसॉर्ट में दो-तीन दिन रुकी और फिर एक कॉमन परिचित, चिरू के फार्महाउस में चली गई। अदालत ने प्रियंका को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

मोहन के साथ मिलकर बेटी की हत्या की

यह मामला तब सामने आया, जब प्रियंका के अलग हो चुके पति प्रवीण ने 4 जून को कडुगोडी पुलिस स्टेशन में उसके और मोहन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके तुरंत बाद मोहन को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस पूछताछ के दौरान, मोहन ने कथित तौर पर कार के अंदर बच्ची के साथ मारपीट करने गला घोंटकर उसकी हत्या करने की बात कबूल कर ली। ​​पुलिस अब प्रियंका से कथित साजिश, अपराध के पीछे के मकसद और बच्ची की मौत में उसकी भूमिका (यदि कोई हो) के बारे में पूछताछ कर रही है। जांचकर्ता इन आरोपों की भी जांच कर रहे हैं कि प्रियंका का अपनी बेटी के रंग-रूप से कथित असंतोष इस अपराध के पीछे एक संभावित कारण तो नहीं है?

पुलिस ने जांच में की कोताही, ऐक्शन

इस बीच, बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने कहा कि शुरुआती जांच में कुछ कमियां पाई गईं और इसके जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा, “जांच में कुछ कमियां थीं। हमने उन कमियों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। इस मामले में एक रिपोर्ट मिली है और हमने उस रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की है।” मामले में जांच अधिकारी को बदल दिया गया है और मामला अब दूसरे डिवीजन के ACP-स्तर के अधिकारी को सौंप दिया गया है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply