Gurugram News: साइबर सिटी गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां के बांस अलियार गांव में चरित्र पर शक के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब आरोपी ने अपनी पत्नी को आधी रात को किसी से फोन पर बात करते हुए देख लिया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 37 वर्षीय नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जबकि मृतका उसकी 36 वर्षीय पत्नी काजल देवी थी. यह दंपति मूल रूप से मजदूर है और आईएमटी मानेसर के बांस अलियार गांव में किराए का कमरा लेकर अपने चार बच्चों के साथ रह रहा था. बुधवार की रात जब इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया, तब दंपति के चारों बच्चे मकान की छत पर सो रहे थे. उन्हें नीचे हो रही इस खूनी अनहोनी की भनक तक नहीं लगी.
चरित्र पर शक के कारण अक्सर होता था विवाद
जांच में सामने आया है कि नरेंद्र और काजल दोनों ही एक निजी कंपनी में मजदूरी का काम करते थे. काजल रोज की तरह रात 8 बजे तक काम खत्म कर घर लौट आती थी, जबकि नरेंद्र अक्सर आधी रात को घर पहुंचता था. आरोपी नरेंद्र अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके कारण दोनों के बीच आए दिन लड़ाईझगड़ा होता रहता था.
फोन देने से किया मना, तो स्कार्फ से घोंट दिया गला
बुधवार की आधी रात को जब नरेंद्र काम से घर लौटा, तो उसने काजल को किसी से फोन पर बात करते हुए देखा. उसे शक हुआ कि काजल किसी अन्य पुरुष से बात कर रही है. गुस्से में आगबबूला होकर नरेंद्र ने काजल से तुरंत उसका फोन मांगा, लेकिन काजल ने फोन देने से साफ मना कर दिया. इसके बाद दोनों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गया. गुस्से और शक के अंधेपन में नरेंद्र ने पास ही रखे एक स्कार्फ को उठाया और काजल के गले में लपेटकर उसे तब तक खींचा, जब तक कि उसकी सांसें नहीं थम गईं. पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
केस दर्ज कर आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका की बहन की शिकायत पर आईएमटी मानेसर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. पुलिस ने आरोपी नरेंद्र के खिलाफ हत्या की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. गुरुग्राम पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि मृतका काजल के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस आरोपी नरेंद्र को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है.



