IndiaUttar Pradesh

वफादारी की आखिरी लड़ाई! जहरीले कोबरा से भिड़ा ‘टॉमी’, परिवार को बचाकर दे दी जान

Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में इंसान और पालतू डॉग के बीच अटूट रिश्ते की मिसाल पेश करने वाली एक भावुक घटना सामने आई है. उभांव थाना क्षेत्र के रहने वाले दानिश के घर में रविवार देर रात घुसे एक विषैले सांप से मुकाबला करते हुए उनके पालतू कुत्ते ‘टॉमी’ ने अपनी जान गंवा दी. टॉमी ने न सिर्फ सांप को घर के अंदर घुसने से रोका, बल्कि उससे भिड़कर उसे मार भी डाला. हालांकि, इस संघर्ष के दौरान सांप ने उसे डंस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है.

वफादारी की आखिरी लड़ाई! जहरीले कोबरा से भिड़ा ‘टॉमी’, परिवार को बचाकर दे दी जान

परिजनों के अनुसार, रविवार रात करीब दो बजे घर के बाहर हलचल होने पर टॉमी जोरजोर से भौंकने लगा. पहले तो परिवार को लगा कि कोई सामान्य बात होगी, लेकिन टॉमी लगातार एक ही दिशा में भौंकता रहा. जब परिवार के लोग बाहर निकले तो देखा कि एक विषैला सांप घर के अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था. इससे पहले कि सांप घर में प्रवेश कर पाता, टॉमी उस पर टूट पड़ा.

टॉमी ने अपनी बहादुरी से सांप को मारा

बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे तक टॉमी और सांप के बीच जबरदस्त संघर्ष चलता रहा. आखिरकार टॉमी ने अपनी बहादुरी से सांप को मार गिराया, लेकिन इस दौरान सांप ने उसे कई बार डंस लिया. जहरीले जहर के असर से कुछ ही देर बाद टॉमी की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया.

दानिश और उनके परिवार का कहना है कि टॉमी पिछले नौ वर्षों से उनके परिवार का हिस्सा था. वह हमेशा घर की सुरक्षा करता था और हर अनजान गतिविधि पर तुरंत सतर्क हो जाता था. परिवार का मानना है कि यदि टॉमी उस रात सांप का सामना नहीं करता, तो विषैला सांप घर के अंदर पहुंच सकता था और किसी सदस्य की जान भी खतरे में पड़ सकती थी.

टॉमी की मौत से परिवार सदमे में

टॉमी की मौत से परिवार गहरे सदमे में है. सोमवार को परिजनों ने नम आंखों से अपने वफादार साथी को अंतिम विदाई दी और उसे पूरे सम्मान के साथ घर के पास दफना दिया. इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है. स्थानीय लोग टॉमी की बहादुरी और वफादारी को सलाम कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि टॉमी ने अपने मालिक और उसके परिवार की रक्षा के लिए अपनी जान देकर यह साबित कर दिया कि वफादारी और समर्पण की मिसाल आज भी जानवरों में सबसे ज्यादा देखने को मिलती है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply