
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर देने वाला एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहाँ दो बच्चों की मां 40 वर्ष का दिल अपने ही पड़ोस में रहने वाले रिश्ते के एक 17 वर्षीय नाबालिग भतीजे पर आ गया। मामला सिर्फ प्रेम-प्रसंग तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि महिला अब ढाई महीने की गर्भवती है और उसका दावा है कि यह बच्चा उसी नाबालिग का है। हद तो तब हो गई जब पति के गिड़गिड़ाने और पंचायत के लाख समझाने के बाद भी महिला अपनी जिद पर अड़ी रही कि वह उसी किशोर के साथ रहेगी। आखिरकार, पुलिस ने इस मामले में ऐसी कार्रवाई की कि महिला सीधे सलाखों के पीछे पहुंच गई।
ढाई साल से डरा-धमकाकर बना रही थी संबंध, देती थी जेल भिजवाने की धमकी
यह हैरान कर देने वाली वारदात अलीगढ़ के इगलास कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित किशोर ने अपने परिजनों को बताया कि रिश्ते की यह चाची पिछले ढाई साल से उसे अपनी हवस का शिकार बना रही थी। महिला उसे लगातार डराकर रखती थी कि अगर उसने किसी को कुछ भी बताया, तो वह उस पर दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज कराकर उसे जेल भिजवा देगी। बदनामी और पुलिस के डर से नाबालिग चुपचाप यह सब सहता रहा। लेकिन पानी तब सिर से ऊपर गुजर गया, जब महिला ने उस पर हमेशा के लिए साथ रखने और शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। घबराए किशोर ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
मैं भतीजे के बच्चे की मां बनने वाली हूं… पंचायत में सरेआम कबूला सच
मामला जब तूल पकड़ने लगा और पारिवारिक प्रतिष्ठा दांव पर लगी, तो इगलास थाने के इंस्पेक्टर डीके सिसौदिया की मौजूदगी में ग्रामीणों ने गांव में एक पंचायत बुलाई। पंचायत में महिला का पति और अन्य ससुराल वाले उसे समझाने की कोशिश कर रहे थे। पति इस बड़ी खता के बाद भी लोक-लाज के डर से उसे अपनाने और अपने साथ रखने के लिए राजी था, लेकिन दो बच्चों की मां पर जैसे सनक सवार थी। उसने सरेआम पंचायत के सामने यह सनसनीखेज खुलासा किया कि वह ढाई महीने की गर्भवती है और यह बच्चा उसी नाबालिग का है। उसने साफ कह दिया कि वह पति को छोड़ देगी, लेकिन रहेगी सिर्फ और सिर्फ उस नाबालिग के साथ।
कानून का चला चाबुक: पोक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत महिला भेजी गई जेल
जब पंचायत के समझाने का कोई असर नहीं हुआ और महिला नाबालिग किशोर के साथ घर बसाने की जिद पर अड़ी रही, तो पुलिस ने मामले को अपने हाथ में लिया। किशोर की मां की लिखित तहरीर पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने पीड़ित नाबालिग लड़के को मेडिकल परीक्षण और डॉक्टरी जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं, आरोपी महिला को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया। महिला को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे सीधे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून के मुताबिक इस मामले में आगे की सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है।



