
खेतों में घूम रहे ग्रामीणों ने आम के पेड़ पर लटके शव देखे और पुलिस को इत्तला किया. युवती की मांग में सिंदूर भरे होने की आशंका है जबकि आम के पेड़ के नीचे से कई साक्ष्य बरामद हुए हैं
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से सामने आई एक सनसनीखेज घटना ने दो परिवारों में कोहराम मचा दिया है. यहां के सबुआ गांव के पास गुढ़ा मोड पर स्थित एक मशहूर आम के पेड़ पर एक युवक और युवती के शव लटके मिले, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. युवक की पहचान सबुआ गांव निवासी 24 वर्षीय उपेंद्र विश्वकर्मा और युवती की पहचान चरखारी की 22 वर्षीय आरती कुशवाहा के तौर पर की गई है. यह प्रेमी जोड़ा एक ही रस्सी से पेड़ पर लटके मिला है. युवती की मांग में सिंदूर होने की बात सामने आ रही है जबकि पेड़ के पास चिप्स, कोल्ड ड्रिंक के पैकेज और मोबाइल फोन पड़े मिले हैं. इस हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई तो पुलिस ने दोनों के शवों को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. दूसरी तरफ गांव में दोनों को लेकर तरह-तरह की बातें होने लगी.
इसी आम के पेड़ के नीचे बिताते थे अपना वक्त
बताया जा रहा है कि दोनों का आपस में पिछले 3 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों इसी आम के पेड़ के नीचे मुलाकात करते थे. घंटों बातचीत करते थे और इसी पेड़ के नीचे दोनों ने जीने-मरने की कसमें खा ली थी. जहां सबुआ निवासी उपेंद्र विश्वकर्मा आरा मशीन में काम करता था तो चरखारी की आरती कुशवाहा 8 किमी. दूर से मिलने आती थी. दोनों अपने रिश्ते को विवाह का नाम देना चाहते थे लेकिन समाज में बदनामी और जात-पात के डर से परिजन राजी नहीं हुए.
दोस्त और घर वालों को नहीं थी खबर
पुलिस की जांच-पड़ताल से सामने आया कि दोस्तों को युवक की प्रेम कहानी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. जबकि युवती के परिजनों ने बताया कि वो शाम 7 बजे से ही घर से गायब थी. युवक भी रात 8 बजे घर पर बाइक पार्क करने के बाद अचानक कहीं चला गया. दोनों के परिजन खोजबीन करते रहे लेकिन कुछ अता-पता नहीं चला. युवती के परिजनों का कहना है कि वो अपनी बेटी के प्रेम संबंधों के बारे में कुछ नहीं जानते थे. यदि बेटी को शादी करनी ही थी तो कहीं दूर जाकर घर बसा सकती थी. दोस्तों का कहना है कि युवक ने उसे अपनी प्रेम कहानी की भनक तक नहीं लगने दी, वरना समस्या का कुछ हल निकालते और जान बचा लेते.
ग्रामीणों ने दी पेड़ से लटके होने की सूचना
अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों के पेड़ से लटके होने की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी. कुछ ही देर के अंदर खेत में गांव वालों की भीड़ इकट्ठी हो गई. मृतका के मांग में सिंदूर भरे होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस कर्मियों की टीम ने युवत औक युवती के शव को पेड़ से उतारा. फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए. बताया जा रहा है कि युवती के पिता का कुछ समय पहले ही निधन हुआ था. हालांकि दोनों परिवारों ने प्रेम प्रसंग की सूचना ना होने की बात कही है लेकिन सूत्रों के हवाले से पता चला है कि जाति-बिरादरी का अंतर होने के कारण दोनों का परिवार रिश्ते के लिए राज़ी नहीं हुआ.



