शेयर बाजार में जब किसी बड़ी कंपनी का आईपीओ आने वाला होता है, तो उसका असर बड़े निवेशकों से लेकर आम लोगों तक दिखता है. आजकल भारत के बिजनेस जगत के सबसे बड़े नामों में से एक ‘जियो’ के आईपीओ को लेकर भी ऐसी ही चर्चा है. इस आईपीओ में पैसा लगाने के लिए लोग अपनी तरफ से पूरी तैयारी कर रहे हैं. इसी बीच सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है. एक आम दुकानदार ने जियो के आईपीओ में हिस्सा लेने के लिए अपनी दुकान के बाहर ‘नो मोर उधार’ का बोर्ड लगा दिया है.

पुरानी आदत छोड़कर बदला दुकान का नियम
वीडिया पर लिखे कैप्सन के मुताबिक, ये दुकानदार अपने इलाके में ग्राहकों को उधार पर सामान देने के लिए जाना जाता था. कई लोग आते थे और आराम से खाते में सामान लिखवा कर ले जाते थे. लेकिन जियो के आईपीओ की चर्चा ने इस दुकानदार की सोच बदल दी. उसने तय किया कि अब इस पुरानी आदत को रोकने का वक्त आ गया है. कम से कम तब तक तो उधारी बिल्कुल बंद रहेगी.
View this post on Instagram
लोगों को अपनी सी लगी ये कहानी
दुकान के बाहर लगे इस एक बोर्ड ने उस साधारण सी दुकान को खास बना दिया है. ये नजारा दिखाता है कि देश की इतनी बड़ी कंपनी के आईपीओ को लेकर जमीन पर कितना माहौल बना हुआ है. ये बात उन सभी लोगों के दिल को छू गई है, जो जानते हैं कि रोजमर्रा के खर्चों को संभालते हुए किसी अच्छे निवेश के मौके के लिए पैसा बचाना कितना मुश्किल काम होता है. जो भी इंसान शेयर बाजार में थोड़ा बहुत पैसा लगाने की उम्मीद रखता है, उसे दुकानदार का उधारी रोककर आईपीओ के पीछे भागने का ये तरीका एकदम अपना सा लग रहा है.
23 अक्टूबर तक खुला रहेगा IPO
शेयर बाजार में 21 अक्टूबर को रिलायंस जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ आम निवेशकों की बोली के लिए खुल चुका है, जो 23 अक्टूबर तक खुला रहेगा. बाजार में उतरते ही पहले एक घंटे के भीतर पूरा इश्यू 83 फीसदी तक सब्सक्राइब हो गया था और आईपीओ के दूसरे दिन यह कुल 3.64 गुना सब्सक्राइब हो चुका है. इस दौरान रिटेल निवेशकों के लिए रिजर्व हिस्सा पूरी तरह भर गया है और संस्थागत निवेशकों की ओर से सबसे ज्यादा मांग देखने को मिल रही है. निवेशकों के लिए शेयरों का अलॉटमेंट 26 अक्टूबर को तय किया गया है, जिसके बाद 27 अक्टूबर को डीमैट खाते में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे और 28 अक्टूबर को यह बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होगा.



