India

​14 साल के लड़के ने एआई की मदद से अग्निवीर भर्ती पोर्टल में लगाई सेंध, 2,500 जवानों का डेटा बेचने का आरोप

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने हरियाणा के बल्लभगढ़ से 14 साल के एक लड़के को हिरासत में लिया है. उस पर आरोप है कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से गृह मंत्रालय के अग्निवीर भर्ती पोर्टल का डेटा अवैध रूप से हासिल किया और उसे डार्क वेब पर बेचने के लिए विज्ञापन दिया. इसके लिए उसने 500 डॉलर की क्रिप्टोकरेंसी मांगी थी.

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस यूनिट को सितंबर में डार्क वेब पर इस डेटा को बेचने संबंधी विज्ञापन मिला था. इसके बाद पुलिस ने विज्ञापन के स्रोत का पता लगाया और अक्टूबर में 14 वर्षीय लड़के को हिरासत में लिया. वह एक निजी स्कूल का छात्र है.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि लड़के के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में उसके पास कुछ डेटा मिला. उससे करीब दो घंटे पूछताछ की गई और फिर छोड़ दिया गया. इस मामले में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर यह पुष्टि करने को कहा है कि संबंधित पोर्टल आधिकारिक था या नहीं और लड़के ने जो डेटा हासिल किया था, वह वास्तविक था या नहीं.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़के ने कथित तौर पर डेटा डार्क वेब पर अपलोड नहीं किया था, बल्कि उसे बेचने के लिए विज्ञापन दिया था. आरोप है कि उसने पोर्टल के लैंडिंग पेज की कोडिंग में खामियां ढूंढीं और एआई बॉट की मदद से वेबसाइट में सेंध लगाई. इसके बाद उसने उन अकाउंट्स के पासवर्ड हासिल किए, जिनमें नौकरी के आवेदन दर्ज थे.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, लड़के ने कथित तौर पर भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए 2,500 से अधिक अग्निवीरों का डेटा हासिल किया था. ये सभी जवान कमीशंड अधिकारियों से नीचे के रैंक पर भर्ती हुए थे. सूत्रों के मुताबिक, संबंधित पोर्टल पर उन अग्निवीरों का डेटा था, जिन्होंने अपनी दो साल की सेवा पूरी कर ली थी और अब सरकारी क्षेत्र में रोजगार के दूसरे अवसर तलाश रहे थे.

इस साल फरवरी में गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी की थी. इसके तहत अग्निवीरों को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य पुलिस बलों जैसी सेवाओं में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए यह पोर्टल बनाया गया था. इसका उद्देश्य उनकी सेवा पूरी होने के बाद दूसरे क्षेत्रों में रोजगार पाने में मदद करना था.

पुलिस सूत्रों का कहना है कि लड़के ने डार्क वेब पर दिए विज्ञापन में दावा किया था कि उसके पास 2,500 अग्निवीरों की जानकारी है. इनमें 47 सरकारी विभागों और पुलिस थानों में जमा किए गए उनके नौकरी के आवेदन भी शामिल थे. विज्ञापन में वेबसाइट के एडमिन पोर्टल और उसके ट्रैफिक को प्रबंधित करने के लिए इस्तेमाल होने वाले एपीआई क्रेडेंशियल्स तक पहुंच देने का भी दावा किया गया था.

इस साल जून में कैबिनेट सचिवालय ने पूर्व अग्निवीरों के पुनर्वास के लिए अलग से एक ‘एक्सअग्निवीर विंग’ और ‘एक्सअग्निवीर सेल’ बनाने की अधिसूचना जारी की थी. इसका उद्देश्य दो साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है. इस बीच, केंद्र सरकार ने नवंबर में अग्निपथ योजना में बदलाव को मंजूरी दी. इसके तहत तीनों सेनाओं में प्रशिक्षण ले रहे अग्निवीरों को नियमित सैनिक के रूप में शामिल होने का रास्ता दिया गया है.

इस प्रक्रिया के दो चरण होंगे. पहले चरण में मूल योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी करने वाले 25 फीसदी अग्निवीरों को योग्यता के आधार पर नियमित सेवा में शामिल किया जाएगा.

बाकी 75 फीसदी अग्निवीरों को, जिन्हें पहले चार साल बाद सेवा से बाहर होना था और योगदान आधारित पैकेज मिलना था, अब दो साल की अतिरिक्त सेवा का मौका दिया जाएगा. इसके बाद वे नियमित सैनिक बनने के लिए चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे. इसके लिए उन्हें अपनी सहमति देनी होगी और निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply