
बरेली,अमृत विचार। बरेली में पिछले 24 घंटों के अंदर हुई बारिश ने पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। मौसम विभाग के जारी आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को सितंबर महीने में अधिकतम तपामान अब तक के सबसे निचले स्तर पर चला गया। मौसम विभाग के पास मौजूद पिछले 57 सालों के रिकॉर्ड के मुताबिक शनिवार सितंबर का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने पिछले 33 घंटों के अंदर बरेली में करीब 275 मिमी बारिश दर्ज की।
सितंबर में टूटा 1969 का रिकॉर्ड
मौसम विभाग के पास सितंबर महीने में सबसे कम अधिकतम तापमान के 1969 तक के रिकॉर्ड मौजूद हैं। जिसमें इससे पहले 18 सितंबर 2012 को 23.3 डिग्री सेल्सियस सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था। 16 सितंबर 2005 में 24 डिग्री सेल्सियस, 27 सितंबर 2007 में 24.2 डिग्री सेल्सियस, 25 सितंबर 1983 को 24.3 डिग्री सेल्सियस सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया था। दूसरी तरफ न्यूनतम तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। न्यूतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बरेली के अलावा शाहजहांपुर, आगरा, अलीगढ़ और मुरादाबाद में दिन का अधिकतम तापमान सितंबर माह में अपने प्रेक्षण इतिहास के सबसे न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया। उन्होंने बताया कि जारी भारी बारिश में कमी आने की संभावना है। मौसम तंत्र के प्रभावहीन होने पर 28 सितंबर से छिटपुट बारिश का दौर अक्टूबर की शुरुआत में थमने के साथ मौसम शुष्क होने का अनुमान है।
24 घंटे में 145 मिमी बरसात
बरेली में दिनभर हुई भारी बारिश ने नाक में दम करके रख दिया। 33 घंटे में मौसम विभाग ने करीब 275 मिमी बारिश दर्ज की। शुक्रवार को शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार शाम तक जारी रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों की माने शुक्रवार से शनिवार सुबह तक 24 घंटे के अंदर बरेली में करीब 145 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं शनिवार सुबह 8:30 से शाम 5:30 तक 130 मिमी बरसात दर्ज हुई। जबकि शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से शनिवार सुबह 8:30 तक बरेली सीडब्लूसी पर 145.2 मिमी, बरेली गुब्बारा वेधशाला पर 126.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं आंवला में 113.8 मिमी, बहेड़ी में 103 मिमी, फरीदपुर में 90 मिमी बारिश दर्ज की गई।
ः



