Trending

​7500 कोड से मचा हड़कंप, हाइजैकिंग की आशंका के बीच तबुक में उतरी दुबई-तेल अवीव फ्लाइट

​7500 कोड से मचा हड़कंप, हाइजैकिंग की आशंका के बीच तबुक में उतरी दुबई-तेल अवीव फ्लाइट

दुबई/तेल अवीवः दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में इमरजेंसी सिग्नल जारी होने के बाद बुधवार को हड़कंप मच गया। 150 से ज्यादा यात्रियों को लेकर जा रही इस फ्लाइट को लेकर शुरुआती तौर पर हाइजैकिंग की आशंका जताई गई थी। हालांकि, बाद में विमान के सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरने की जानकारी सामने आई।

पहले 7700, फिर 7500 कोड से बढ़ी चिंता

उड़ान भरने के कुछ देर बाद विमान ने ट्रांसपोंडर पर 7700 स्क्वॉक कोड जारी किया। विमानन क्षेत्र में 7700 सामान्य आपात स्थिति का अंतरराष्ट्रीय संकेत माना जाता है। इसके कुछ समय बाद कुछ फ्लाइटट्रैकिंग वेबसाइटों पर 7500 कोड दिखाई दिया, जिसे विमान में हाइजैकिंग या गैरकानूनी दखल से जोड़ा जाता है।

हालांकि, 7500 कोड के इस्तेमाल की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बाद में विमान के सुरक्षित तबुक पहुंचने से हाइजैकिंग की शुरुआती आशंका पर भी सवाल उठे।

पायलटों के बीच बहस की बात आई सामने

इजरायली सुरक्षा सूत्रों के हवाले से द टाइम्स ऑफ इजरायल ने बताया कि विमान के पायलटों के बीच हुई बहस के चलते 7500 और सामान्य इमरजेंसी सिग्नल जारी हुए थे। वहीं, घटना की परिस्थितियों को लेकर जांच और समीक्षा जारी है।

रिपोर्ट के मुताबिक इजरायली वायु सेना ने विमान की ओर लड़ाकू विमानों को भी भेजा था। इस घटनाक्रम के बीच इजरायल का एयरस्पेस कुछ समय के लिए बंद किया गया और विमान के सऊदी अरब में सुरक्षित उतरने के बाद उसे दोबारा खोल दिया गया।

आईडीएफ चीफ ने की अधिकारियों के साथ समीक्षा

इजरायली सेना के मुताबिक आईडीएफ चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर ने घटना को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें इजरायली वायु सेना के प्रमुख मेजर जनरल ओमर टिशलर, ऑपरेशन्स डायरेक्टरेट के प्रमुख मेजर जनरल इत्जिक कोहेन और इंटेलिजेंस डायरेक्टरेट के प्रमुख मेजर जनरल श्लोमी बाइंडर शामिल रहे।

फिलहाल विमान में सवार यात्रियों की स्थिति सुरक्षित बताई गई है और घटना के वास्तविक कारणों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

ः

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply