
बालपुर, गोंडा। बुधवार सुबह एलटी लाइन पर काम करने गए 32 वर्षीय युवक की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीखपुकार मच गई। परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है।
हरसिंहपुर गांव निवासी सोहन लाल रोज की तरह बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे ठेकेदार के साथ काम करने निकले थे। ठेकेदार के साथ कटरा फीडर क्षेत्र के मैजापुर में एलटी लाइन पर काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि लाइन ठीक करने के दौरान अचानक सोहन लाल करंट की चपेट में आ गए।
करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल की ओर दौड़े। घर पहुंची मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया।
दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया
सोहन लाल परिवार के कमाऊ सदस्य थे। उनके दो बेटे सत्यम और शिवम हैं। पिता की अचानक मौत से दोनों बच्चों समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
ः
ः



