भोजपुरी सिनेमा की जानीमानी अभिनेत्री अक्षरा सिंह अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं और उनकी तस्वीरें अक्सर सोशल मीडिया पर छाई रहती हैं। लेकिन इस बार छठ पूजा से जुड़ी उनकी तस्वीरों और वीडियो ने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है। एक तरफ जहां उनके चाहने वाले इन तस्वीरों पर खूब प्यार लुटा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग उन्हें जमकर ट्रोल भी कर रहे हैं।

नाक से माथे तक लगे नारंगी टीके पर भड़के लोग
अक्षरा सिंह ने इंस्टाग्राम पर छठ पूजा की कई तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं। इनमें से एक वीडियो में वह साड़ी पहनकर नदी के पानी में खड़ी नजर आ रही हैं और उनके हाथ में पूजा का सामान है। इस दौरान अक्षरा ने नाक से लेकर माथे तक लंबा नारंगी रंग का टीका लगाया हुआ है, जो बिल्कुल सिंदूर जैसा दिख रहा है।
लोगों को अक्षरा का यही अंदाज पसंद नहीं आया। सोशल मीडिया पर कई लोगों का कहना है कि हिंदू रीतिरिवाजों के हिसाब से इस तरह लंबा सिंदूर सिर्फ शादीशुदा महिलाएं ही लगाती हैं। अविवाहित होने के बावजूद इस तरह टीका लगाकर पूजा करने को लेकर लोग उन पर सवाल उठा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर लोगों ने सुनाई खरीखोटी
अक्षरा सिंह का यह वीडियो ट्विटर पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जहां कई लोग उन पर भड़कते नजर आ रहे हैं। एक यूजर ने उनकी तस्वीरों पर कमेंट करते हुए लिखा, “यह सिर्फ सामाजिक रुतबे के लिए है, ऐसा केवल विवाहित महिलाओं को ही करना होता है।”
वहीं, एक दूसरे यूजर ने गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा, “ढोंग है, दिखावा है, पूजा भला ऐसे होती है? गजब की भेड़चाल है।” इसके अलावा एक अन्य यूजर ने लिखा, “सिर्फ लाइमलाइट में आने के लिए हर पारंपरिक नियम को तोड़ दें।”
ट्रोल करने वालों को पहले ही जवाब दे चुकी हैं अक्षरा
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब छठ पूजा करने को लेकर अक्षरा सिंह को निशाना बनाया गया हो। वह इन सभी बातों को नजरअंदाज करते हुए हर साल पूरी श्रद्धा से यह व्रत रखती हैं। इससे पहले भी जब उन्हें इस बात के लिए ट्रोल किया गया था, तब अक्षरा ने करारा जवाब देते हुए साफ कहा था, “जैसे कुंवारे लड़के छठ व्रत कर सकते हैं, वैसे ही कुंवारी लड़कियां भी यह व्रत रख सकती हैं।”



