हाल के दिनों में खाड़ी में एक बार फिर से तनाव बढ़ता हुआ दिखाई दिया. उसके बाद भी होर्मुज स्ट्रेट से कच्चे तेल की सप्लाई में कोई कमी नहीं आई है. जिसकी वजह से खाड़ी देशों का कच्चा तेल 90 डॉलर और अमेरिकी क्रूड ऑयल के दाम 80 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गए हैं. इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल के दाम 3 महीने यानी 90 दिनों में सबसे सस्ता दिखाई दिया है. अगर बात नवंबर की करें तो ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम में 27 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है. अमेरिकी क्रूड ऑयल डब्ल्यूटीआई की कीमत में करीब 24 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है.

खाड़ी देशों से आई इस अच्छी खबर से भारत को कई तरह के फायदे हो सकते हैं. सबसे बड़ा फायदा शेयर बाजार को हो सकता है. कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने से शेयर बाजार में तेजी देखने को मिल सकती है. वहीं दूसरी ओर देश के कैड में कमी आएगी. देश के इंपोर्ट बिल में कमी देखने को मिलेगी. साथ ही रुपए में सुधार देखने को मिलेगा. देश की इकोनॉमी को बूस्ट मिलेगा. साथ ही इंपोर्टेड सामान सस्ता होने की उम्मीद है. वहीं देश में महंगाई कम देखने को मिल सकती है. आइए इसे आसान भाषा में समझने की कोशिश करते हैं.
अमेरिका से खाड़ी तक सस्ता हुआ कच्चा तेल
कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली है. आंकड़ों को देखें तो खाड़ी देशों का कच्चा तेल 24 घंटे में 4 फीसदी से ज्यादा टूटकर 85.70 डॉलर प्रति बैरल देखने को मिले. जो कि तीन महीने का लोअर लेवल है. वैसे मौजूदा समय में ब्रेंट क्रूड के दाम 86.59 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहे हैं. अगर बात अमेरिकी क्रूड के दाम की बात करें तो 4.34 फीसदी की गिरावट देखने को मिल चुकी है. जिसकी वजह से अमेरिकी के दाम 79.28 डॉलर प्रति बैरल पर दिखाई दिए. वैसे मौजूदा समय में अमेरिकी क्रूड के दाम 79.97 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करते हुए दिखाई दे रहे हैं.
नवंबर में कितना सस्ता हुआ कच्चा तेल
नवंबर के महीने में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिल चुकी है. आंकड़ों को देखें तो खाड़ी देशों के कच्चे तेल की कीमत में 27 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल चुकी है. पिछले महीने के आखिरी कारोबारी दिन ब्रेंट क्रूड के दाम 117.64 डॉलर प्रति बैरल पर दिखाई दिए थे. जो आज घटकर 85.70 डॉलर प्रति बैरल पर आ गए. इसका मतलब है कि नवंबर के महीने में खाड़ी देशों का कच्चा तेल 31.94 डॉलर प्रति बैरल यानी 27.15 फीसदी सस्ता हो चुका है.
वहीं दूसरी ओर अमेरिकी ओर देखें तो नवंबर के महीने में डब्ल्यूटीआई की कीमत में करीब 24 फीसदी की गिरावट देखने को मिल चुकी है. आंकड़ों को देखें तो पिछले महीने के आखिरी कारोबारी दिन 104.12 डॉलर प्रति बैरल पर दिखाई दिए थे. जो आज घटकर 79.21 डॉलर प्रति बैरल पर दिखाई दिए. इसका मतलब है कि अमेरिकी क्रूड ऑयल की कीमत में 24.91 डॉलर प्रति बैरल यानी 23.92 फीसदी की गिरावट देखने को मिल चुकी है.
कच्चा तेल होने के भारत को होंगे ये 7 फायदे
- शेयर बाजार में आएगी तेजी: कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने से देश में विदेशी निवेशकों का आगमन होगा और शेयर बाजार में तेजी देखने को मिलेगी. नवंबर के महीने में इससे पहले कुछ ऐसा ही देखने को मिला है. कच्चा तेल 20 फीसदी से ज्यादा सस्ता हुआ और विदेशी निवेशकों ने 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश कर दिया. जिसकी वजह से शेयर बाजार में 10 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली.
- कैड में कमी आने की संभावना: कच्चे तेल की कमी आने से देश के करंट अकाउंट डेफिसिट के कम होने की संभावना है. महीने की शुरुआत में इकरा के अनुमान के अनुसार वित्त वर्ष 2027 की दूसरी और तीसरी तिमाही में घाटा पहली तिमाही के स्तर से बढ़ने के कारण, इसके GDP के लगभग 0.9 फीसदी रहने का अनुमान है. लेकिन हमें ये नहीं भूलना चाहिए कि तब कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा थे. ऐसे में इस गिरावट और आने वाले दिनों में और गिरावट कैड को कम कर सकती है.
- इंपोर्ट बिल में कमी देखने को मिलेगी: भारत के इंपोर्ट बिल की सबसे बड़ी हिस्सेदारी कच्चे तेल की रहती है. मैरिटाइम गेटवे की रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर 2026 में भारत का कच्चा तेल आयात बिल सालाना आधार पर लगभग 88 फीसदी बढ़कर 19.5 अरब डॉलर हो गया, जिससे अप्रैलअक्टूबर 2026 के दौरान कच्चे तेल के आयात पर कुल खर्च 111 अरब डॉलर तक पहुंच गया. लेकिन कच्चे तेल की कीमतें काफी ज्यादा थी और डॉलर के मुकाबले रुपया काफी कमजोर था. अब दोनों ही में सुधार देखने को मिला है. रुपया 93 के लेवल पर मजबूत है. ऐसे में इंपोर्ट बिल में कमी देखने को मिल सकती है.
- रुपए में सुधार देखने को मिलेगा: नवंबर के महीने में जब से कच्चे तेल की कीमतों में सुधार देखा गया है और विदेशी निवेशकों का निवेश बढ़ा है, तब से रुपए में भी सुधार आया है. 95 के लेवल से रुपया 93 के लेवल पर दिखाई दे रहा है. कुछ दिन पहले ये आंकड़ा 92.50 के लेवल पर आकी काफी मजबूत दिखाई दिया था. ऐसे में आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
- इंपोर्टेड सामान सस्ता होने की उम्मीद: कच्चे तेल की कीमतों कमी से रुपए में सुधार के कारण इंपोर्टेड सामान सस्ता होने की उम्मीद है. जिसकी वजह से देश को इंपोर्टेड महंगाई से बचने में काफी मदद मिलेगी. डॉलर के मुकाबले में जब रुपया कमजोर होता है तो विदेशी सामान महंगा होने लगता है. जिसकी वजह से देश के लोगों और विदेशों में पढ़ने और रहने वाले लोगों की जेब पर ज्यादा बोझ पड़ता हुआ दिखाई देता है.
- देश में महंगाई कम हो सकती है: कच्चे तेल की कमी आने से देश में महंगाई कम होने की संभावना है. जेट फ्यूल की कीमतों में कमी देखने को मिल सकती है. जिसमें लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. नवंबर के महीने में लगातार चौथे महीने इजाफा देखने को मिला. इस दौरान दिल्ली में जेट फ्यूल में 28.37 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी देखने को मिल चुकी है और दाम 138.50 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं. ऐसे में कच्चा तेल सस्ता होने से इसमें कमी आने की संभावना है और गैस सिलेंडर के दाम भी कम हो सकते हैं.
- देश की इकोनॉमी को बूस्ट मिलेगा: कैड में कमी, रुपए में तेजी, इंपोर्टेड सामान के सस्ता होने, महंगाई में कमी इंपोर्टेड बिल में कमी आदि वो तमाम फैक्टर है, जिससे इकोनॉमी को बूस्ट मिल सकता है. हाल के अनुमान के अनुसार मौजूदा वित्त वर्ष में देश की ग्रोथ 7 फीसदी रह सकती है. अगर कच्चा तेल और सस्ता होता तो ये अनुमान 7.5 फीसदी तक पहुंच सकता है.
क्या आरबीआई एमपीसी देगी कोई राहत?
सेबी रजिस्टर्ड कमोडिटी करेंसी के एक्सपर्ट अनुज गुप्ता ने टीवी9 हिंदी से बात करते हुए कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने से और भी कई फायदे हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि आरबीआई की मॉनेटरी पॉलिसी में गवर्नर और बाकी मेंबर्स को ब्याज दरों में कटौती करने की एक विंडो मिल सकती है. जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. अनुज गुप्ता ने कहा कि दिसंबर के महीने में होने वाली पॉलिसी मीटिंग में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट एक बड़ा मुद्दा रहेगा. मौजूदा समय में सभी अनुमान लगा रहे हैं कि ब्याज दरों में 50 बेसिस प्वाइंट्स की बढ़ोतरी की जा सकती है. अगर खाड़ी देशों का कच्चा तेल और 5 से 10 डॉलर कम होता है तो ब्याज दर या तो फ्रीज रहेंगी या फिर 0.25 फीसदी की कटौती भी देखने को मिल सकती है.


