
अयोध्या, अमृत विचार। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद श्री गणेश महोत्सव की तैयारी शुरू हो गई है। गणेश चतुर्थी सोमवार में महोत्सव शुरू होगा। इसी दिन से जिले में गणपत्ति बप्पा मोरया… के जयघोष गूंजने लगेंगे। इसको लेकर चयनित स्थानों पर तैयारी शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से महोत्सव को लेकर तैयारी संबंधी निर्देश संबंधित विभागों को जारी किया गया है।
गणपति बप्पा के स्वागत को तैयार शहर
श्री गणेश महोत्सव का शुभारंभ सोमवार 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर किया जाएगा। शहरी क्षेत्र में 75 से अधिक स्थानों पर गणेश उत्सव मनाए जाने की तैयारी है। कुछ स्थानों पर लगाए जाने वाले पांडाल के लिए साफसफाई कराई जा रही है। पांडालों में भगवान गणपति की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी।
पूजापंडाल से विसर्जन तक प्रशासन ने कसी कमर
बताया गया है कि सोमवार को गणेश चतुर्थी पर मूर्तियों के पट्टियां खोली जाएंगी। इसके साथ पूजन अर्चन शुरू किया जाएगा। श्री दुर्गा पूजा एवं राम लीला समन्वय समिति ने भी महोत्सव को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। समिति की ओर से समस्याओं को लेकर प्रशासन को जानकारी उपलब्ध करा दी है।
प्रवक्ता केशव बिगुलर ने बताया कि शहरी क्षेत्र में 75 स्थानों के साथ पूरे जिले में सैकड़ों स्थानों पर महोत्सव की तैयारी है। समितियों को बेहतर प्रबंधन के लिए कहा गया है। साथ ही केंद्रीय समिति की ओर से भी सहयोग का आश्वासन दिया गया है।



