
हरदोई। दो दिन से तेज हवा के साथ हो रही बारिश लोगों के लिए काल बनकर सामने आ रही है, जिसके चलते कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिकंदपुर में एक विशालकाय पकरिया का पेड़ मकान पर गिर गया। हादसे के समय मकान में परिवार के लोगों के साथ बेजुबान जानवर भी मौजूद थे। पेड़ की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालिका की दर्दनाक मौत हो गई। एक बेजुबान सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना से मची अफरातफरी
इसके साथ साथ वीरेंद्र तथा उनकी पत्नी वीरमति व उनकी एक बकरी भी घायल हो गई। हादसे के समय वीरेंद्र अपने परिवार व बेजुबान जानवरों सहित घर के अन्दर ही था, जिसकी चपेट मे आने से मोनिका पुत्री वीरेंद्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। जिसके बाद मौके पर उपस्थित लोगों के द्वारा घायलों को उपचार के लिए ले जाया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों को यथासंभव मदद का आश्वासन दिया। बताते चलें कि प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के सिकन्दरपुर गांव निवासी वीरेंद्र पुत्र स्वर्गीय भीमा के मकान के बाहर कई वर्षो पुराना एक विशालकाय पकरिया का पेड़ खड़ा था जो शुक्रवार को तेज हवा व बारिश के कारण भरभराकर मकान पर गिर गया।



